प्लॉट पर कब्जा हो जाएगा; एके शर्मा के तंज से नाराज राजीव राय सीट छोड़कर गए, अधिकारियों ने मनाया

लाइव हिन्दुस्तान, मऊ
Follow us on Google News
share

मऊ जंक्शन पर आयोजित रेलवे के कार्यक्रम में राजनीतिक टकराव देखने को मिला। दरअसल, कार्यक्रम में एके शर्मा बिना नाम लिये कहा कि प्लॉट पर कब्जा हो जाएगा। इस पर सपा सांसद राजीव राय ने आपत्ति जताई। फिर सीट छोड़कर चले गए।

UP News: यूपी के मऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को आयोजित रेलवे का कार्यक्रम उस समय राजनीतिक टकराव देखने को मिला। दरअसल, प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के एक टिप्पणी पर समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने आपत्ति जताई। फिर सीट छोड़कर चले गए। हालांकि, अधिकारियों के मनाने पर वह कुछ समय के बाद अपनी सीट पर लौट आए। इस दौरान राजीव राय ने कहा कि उन्हें अपमानित करने के लिए बुलाया गया।

नयी ट्रेन सेवाओं की शुरुआत और मेमू सेवा के विस्तार के लिए मऊ रेलवे जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम के लिए तैयार मंच पर मंत्री शर्मा और घोसी के सांसद राजीव राय सहित कई जन-प्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम सौहार्द्रपूर्ण ढंग से शुरू हुआ, राजीव राय ने मंच पर एके शर्मा का स्वागत किया और उनसे हाथ मिलाया। हालांकि, बाद में मंत्री के संबोधन के दौरान तनाव सामने आया।

प्लॉट पर हो जाएगा कब्जा, एके शर्मा ने कसा तंज

दरअसल एके शर्मा ने बिना किसी का नाम लिए कहा, 'अपनी ऊर्जा बचा लो, नहीं तो तुम्हारे प्लॉट पर कब्जा हो जाएगा।' इस टिप्पणी को राजीव राय के संदर्भ के रूप में देखा गया, जिसके बाद उन्होंने आपत्ति जताई और अपना विरोध दर्ज कराने के लिए अपनी कुर्सी से खड़े हो गए। बाद में रेलवे और अन्य अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद वह अपनी सीट पर लौटे। हालांकि कार्यक्रम खत्म होने के बाद सपा सांसद चले गए।

अपमानित करने के लिए बुलाया गया, राजीव राय का आरोप

बाद में मीडिया से बातचीत के दौरान सांसद राजीव राय ने आरोप लगाया कि उन्हें बुलाकर बेइज्जत किया गया। कार्यक्रम में आईं महिलाओं को भी अपमानित किया गया, जिसका सबूत भी उनके पास है। सांसद ने कहा कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने उन्हें माहौल शांतिपूर्ण रहने का भरोसा दिया था। सांसद राजीव राय ने बताया कि एडीजी पीयूष मोर्डिया ने उन्हें फोन करके आश्वासन दिया था कि कार्यक्रम में किसी बाहरी व्यक्ति को नहीं आने दिया जाएगा। लेकिन, कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की मौजूदगी में अपराधी और हिस्ट्रीशीटर किस्म के लोग मौजूद थे।

अपराधी किस्म के लोगों ने कार्यक्रम को हाईजैक किया

राजीव राय ने प्लॉट पर कब्जा करने के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। मंत्री की तरफ इशारा करते हुए सांसद ने कहा कि कब्जा करके वे बैठे हैं, सारे कब्जाधारी वहीं हैं। सांसद ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान महिलाओं का अपमान हुआ है, इसके लिए मंत्री को माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ चंद अपराधी किस्म के लोगों ने इस कार्यक्रम को हाईजैक कर लिया। इसी दौरान उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर ऐसे लोग उनके कार्यकर्ताओं को उकसाएंगे या गुंडागर्दी दिखाएंगे, तो सपा कार्यकर्ता उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर मारेंगे।

Pawan Kumar Sharma

लेखक के बारे में

Pawan Kumar Sharma

पवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsएके शर्मा के तंज से नाराज राजीव राय सीट छोड़कर गए, रेलवे अधिकारियों ने मनाया