राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, बहन की तरफ से दर्ज केस में अंतरिम रोक

Dec 14, 2025 06:20 am ISTYogesh Yadav लखनऊ, विधि संवाददाता
share

यूपी के बाहुबली नेता पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह को हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से बड़ी राहत मिल गई है। न्यायालय ने उनके विरुद्ध मानहानि व महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोपों में चल रहे मुकदमे की प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगा दी है।

राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह को हाईकोर्ट से बड़ी राहत, बहन की तरफ से दर्ज केस में अंतरिम रोक

यूपी के बाहुबली नेता पूर्व मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह को हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से बड़ी राहत मिल गई है। न्यायालय ने उनके विरुद्ध मानहानि व महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोपों में चल रहे मुकदमे की प्रक्रिया पर अंतरिम रोक लगा दी है। इसी के साथ न्यायालय ने राजा भैया व भानवी सिंह की बहन साध्वी सिंह को नोटिस जारी करने का भी आदेश दिया है। मामले की अगली सुनवाई तीन सप्ताह बाद होगी। यह आदेश न्यायमूर्ति सौरभ लवानिया की एकल पीठ ने भानवी कुमारी सिंह की याचिका पर दिया।

भानवी सिंह की ओर से दलील दी गई कि उसके पति रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने विवाह विच्छेद का एक मुकदमा परिवार न्यायालय में किया है, उक्त मुकदमे पर भानवी की तरफ से लिखित जवाब दाखिल किया गया था। उक्त लिखित जवाब को एक चैनल द्वारा चलाया गया। इसी आधार पर भानवी और दो अन्य लोगों के खिलाफ उनकी बहन साध्वी सिंह की तरफ से एफआईआर की गई है।

इस पर न्यायालय ने कहा कि फैमिली कोर्ट एक्ट और हिन्दू विवाह अधिनियम में स्पष्ट प्रावधान है कि परिवार न्यायालय के किसी भी मुकदमे की कार्यवाही को पब्लिश या प्रिन्ट नहीं किया जा सकता। हालांकि भानवी के अधिवक्ता ने दलील दी कि जो आरोप लगाए गए हैं, उनमें सिर्फ परिवाद दाखिल किया जा सकता था। इस पर न्यायालय ने अपने आदेश में कहा कि विवाद दो बहनों के बीच है, इसलिए इसमें मध्यस्थता की संभावना हो सकती है। इन टिप्पणियों के साथ न्यायालय ने भानवी सिंह के विरुद्ध चल रहे मुकदमे पर अगली सुनवायी तक के लिए रोक लगा दी है।

गौरतलब है कि भानवी सिंह और राजा भैया के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। भानवी सिंह ने पति-पत्नी के इस विवाद में अपनी बहन पर भी कई आरोप लगाए हैं। दिल्ली की साकेत कोर्ट में भी इसे लेकर केस दर्ज करा रखा है। राजा भैया पर एक्शन के लिए वह लगातार सोशल मीडिया पर भी अपनी बातें लिखती रहती हैं और पीएम मोदी, सीएम योगी और गृहमंत्री अमित शाह से गुहार लगा चुकी हैं।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।