UP Weather: यूपी में फिर होगी बारिश, तीन दिन भिगोएंगे बादल, कोहरा और शीतलहर का भी अलर्ट
मौसम का उतार-चढ़ाव अगले दो से तीन दिन फिर देखने को मिलेगा। शनिवार को कानपुर, लखनऊ समेत कई शहर बर्फीली हवा से ठिठुर गए। कानपुर में अधिकतम तापमान 9.5 डिग्री नीचे आ गया।

UP Weather: मौसम का उतार-चढ़ाव अगले दो से तीन दिन फिर देखने को मिलेगा। शनिवार को कानपुर, लखनऊ समेत कई शहर बर्फीली हवा से ठिठुर गए। कानपुर में अधिकतम तापमान 9.5 डिग्री नीचे आ गया। वहीं, कई शहरों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। अब मौसम विभाग ने रविवार को वेस्ट यूपी में गरज चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। कुछ जगह हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रतिघंटे से अधिक रह सकती है।
शनिवार सुबह प्रदेश के कई स्थानों पर दृश्यता शून्य रही। अमौसी स्थित मौसम मुख्यालय के अनुसार बरेली, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, सरसावा, हिंडन और आजमगढ़ में कोहरे की वजह से दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। वहीं, मेरठ, लखनऊ, वाराणसी, फुर्सतगंज और बलिया में 10-50 मीटर तक दृश्यता दर्ज की गई। रविवार को देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर और लखीमपुर खीरी समेत तराई क्षेत्र में घने या बेहद घने कोहरे का यलो अलर्ट है। बीते 24 घंटों के दौरान सबसे ठंडा दिन कानपुर में रहा। कानपुर शहर में दिन का तापमान सामान्य से 9.5° नीचे गिरकर मात्र 14.4 डिग्री दर्ज किया गया। अलीगढ़ (14.6°) और हमीरपुर (14.7 डिग्री) में भी पारा सामान्य से 7-8 डिग्री कम रहा। मुजफ्फरनगर 6.6 और मेरठ 6.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडी रातें गुजार रहे हैं।
बारिश, बिजली और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, एक नए विक्षोभ के सक्रिय होने से सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, मथुरा, आगरा और झांसी समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में बिजली कड़कने के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान अलीगढ़, आगरा, इटावा और जालौन जैसे इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
इन जिलों में शीत दिवस की स्थिति हो सकती है
मौसम विभाग ने गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, मुरादाबाद और बरेली में रविवार को शीत दिवस रहने की आशंका जताई है।
लेखक के बारे में
Dinesh Rathourदिनेश राठौर लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पिछले आठ सालों से काम कर रहे हैं। वह लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। कानपुर यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया है। पत्रकारिता में 13 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश की डिजिटल मीडिया और प्रिंट जर्नलिज्म में अलग पहचान है। इससे पहले लंबे समय तक प्रिंट में डेस्क पर भी काम किया है। कुछ सालों तक ब्यूरो में भी रहे हैं। यूपी और राजस्थान के सीकर जिले में भी पत्रकारिता कर चुके हैं। यूपी की राजनीति के साथ सोशल, क्राइम की खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाते हैं। वायरल वीडियो की फैक्ट चेकिंग में दिनेश को महारत हासिल है।
और पढ़ें

