रेलकर्मी ने ही रेल इंजन से चोरी कर लिया 450 लीटर डीजल; लोको पायलट की शिकायत पर खुलासा
पूछताछ में राहुल ने स्वीकार किया कि उसने गांव निवासी दो भाइयों विपिन और नितिन के साथ मिलकर चोरी की थी। आरोपी विपिन गुमथल स्टेशन पर ही प्राइवेट टिकट बेचने का काम करता है। इन तीनों ने मिलकर इंजन से डीजल निकालकर उसे केन में भरा और घर में छिपा दिया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।

संभल जिले के थाना बनियाठेर क्षेत्र के अंतर्गत गुमथल रेलवे स्टेशन पर खड़े एक रेल इंजन से खुद रेलकर्मी ने ही अपने दो परिचितों के साथ मिलकर लगभग 450 लीटर डीजल चोरी कर लिया। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पहचान करते हुए शुक्रवार को मुख्य आरोपी पॉइंट्समैन सहित तीनों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें मुरादाबाद रेलवे न्यायालय में पेश किया गया।
लोको पायलट की शिकायत पर डीजल चोरी का खुलासा
वारदात 30 मार्च की देर रात को अंजाम दी गई थी। अगले दिन सुबह जब लोको पायलट इंजन पर पहुंचा, तो उसने पाया कि रजिस्टर के मुकाबले मीटर में डीजल काफी कम है। शिकायत की जांच करने पर फ्यूल टैंकर की जाली टूटी हुई मिली, जिसकी जानकारी तत्काल कंट्रोल रूम को दी गई। विभाग में हड़कंप मचने के बाद आरपीएफ ने स्टेशन के आसपास के सीसीटीवी कैमरों और सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद आरपीएफ ने रेलवे प्रशिक्षण संस्थान के रेलकर्मी राहुल को गिरफ्तार किया। वह वर्तमान में गुमथल स्टेशन पर पॉइंट्समैन के पद पर तैनात है।
रेलकर्मी ने 2 साथियों के साथ की चोरी
पूछताछ में राहुल ने स्वीकार किया कि उसने गांव निवासी दो भाइयों विपिन और नितिन के साथ मिलकर चोरी की थी। आरोपी विपिन गुमथल स्टेशन पर ही प्राइवेट टिकट बेचने का काम करता है। इन तीनों ने मिलकर इंजन से डीजल निकालकर उसे केन में भरा और घर में छिपा दिया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।
रेल इंजन से चोरी हुआ था 450 लीटर डीजल
इस मामले पर मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि गुमथल स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी से तेल चोरी किया गया था। आरपीएफ ने इस मामले की जांच की और तीन अप्रैल को चोरी में शामिल सभी तीन लोगों को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया है। चोरी किए गए माल को भी बरामद कर लिया है। आरपीएफ आगे की कार्रवाई कर रही है।
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
वहीं जानकारी देते हुए चन्दौसी के आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह ने बताया कि रेलवे कर्मचारी समेत तीन लोगों को इंजन से डीजल चोरी करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। आपको बता दें पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। इस बीच रेल इंजन से 450 लीटर डीजल चोरी की घटना से हर कोई हैरान है।


