राहुल गांधी अयोध्या में रामलला का करेंगे दर्शन; तनुज पुनिया ने बताया- अभी तक क्यों नहीं गए
कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि अयोध्या में रामलला के दर्शन के लिए राहुल गांधी अयोध्या जरूर जाएंगे। पुनिया ने यह भी साफ किया कि आखिर 22 जनवरी 2024 को हुए प्राण प्रतिष्ठा समारोह से कांग्रेस नेतृत्व ने दूरी क्यों बनाई थी।

बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने राहुल गांधी के अयोध्या जाने को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि राहुल गांधी का राम मंदिर जाने का पूरा इरादा है और जैसे ही उचित अवसर और बुलावा आएगा, वह प्रभु राम के दर्शन के लिए अयोध्या जरूर जाएंगे। पुनिया ने यह भी साफ किया कि आखिर 22 जनवरी 2024 को हुए प्राण प्रतिष्ठा समारोह से कांग्रेस नेतृत्व ने दूरी क्यों बनाई थी।
तब मंदिर अधूरा था, अब पूरा हो गया है
एक चैनल से बातचीत में पुनिया ने उद्घाटन के समय मंदिर न जाने के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि उस समय मंदिर का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ था। उन्होंने धार्मिक मान्यताओं का हवाला देते हुए कहा, "जब मंदिर का उद्घाटन किया गया था, तब वह अधूरा था। न तो मंदिर का शिखर बना था और न ही वहां ध्वज स्थापित था।" पुनिया ने आगे कहा कि इसी अधूरे निर्माण के कारण उस समय शंकराचार्यों ने भी समारोह में शामिल होने से मना किया था और इसे शास्त्र सम्मत नहीं माना था।
बुलावा आते ही जाएंगे राहुल
पीएल पुनिया ने कहा कि अब चूंकि मंदिर का निर्माण कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है, इसलिए अब वहां जाने में कोई तकनीकी या धार्मिक अड़चन नहीं है। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी निश्चित रूप से राम मंदिर जाएंगे। जब भी सुविधा होगी और वहां से बुलावा आएगा, वह दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचेंगे।"
सियासी गलियारों में चर्चा तेज
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि पुनिया का यह बयान कांग्रेस की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। उत्तर प्रदेश में अपनी खोई हुई जमीन तलाश रही कांग्रेस अब 'हिंदुत्व' के मुद्दे पर भाजपा को 'वॉकओवर' देने के मूड में नहीं है। राहुल गांधी का अयोध्या जाना न केवल पार्टी के सॉफ्ट-हिंदुत्व के एजेंडे को धार देगा, बल्कि भाजपा के उस नैरेटिव को भी कमजोर करेगा जिसमें कांग्रेस को 'राम विरोधी' बताया जाता रहा है।
बीजेपी पर साधा निशाना
पुनिया के इस बयान में यह संकेत भी छिपा है कि कांग्रेस उद्घाटन समारोह को केवल एक राजनीतिक आयोजन मानती थी। अब जब धार्मिक दृष्टिकोण से मंदिर पूर्णता की ओर है, तो राहुल गांधी की यात्रा के जरिए कांग्रेस एक नया संदेश देने की कोशिश करेगी।
लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें


