प्रयागराज में 'छात्रों की गूंज' बनेंगे राहुल गांधी, 250 से ज्यादा जगहों पर होगा सीधा प्रसारण

लाइव हिन्दुस्तान, प्रयागराज
Follow us on Google News
share

आठ अगस्त की शाम को राहुल गांधी प्रयागराज आएंगे। राहुल यहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। राहुल गांधी के इस कार्यक्रम का पूरे देश भर में सीधा प्रसारण होगा, जिसे लाइव देखा जा सकेगा।

rahul gandhi in prayagraj
प्रयागराज आएंगे राहुल गांधी

Rahul Gandhi In Prayagraj: लोकसभा में विपक्ष के नेता और सांसद राहुल गांधी आठ अगस्त को प्रयागराज आएंगे। राहुल गांधी यहां 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का 250 से अधिक स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण कराया जाएगा। इसके लिए 'स्टूडेंट्स गूंज पार्क' नाम से अस्थायी सार्वजनिक स्थल बनाए जाएंगे, जहां छात्र और युवा एकत्र होकर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे।

युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को यहां बताया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों और छात्रों के प्रमुख केंद्रों में एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। संगठन का कहना है कि इसका उद्देश्य प्रयागराज में हो रही चर्चा को देशभर के छात्रों तक पहुंचाना और शिक्षा व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा भर्ती से जुड़े मुद्दों पर राष्ट्रीय स्तर पर संवाद शुरू करना है। संगठन के प्रभारी मनीष शर्मा ने बताया कि राहुल गांधी लगातार शिक्षा व्यवस्था की खामियों और छात्रों के साथ हो रहे अन्याय का मुद्दा उठाते रहे हैं।

दूसरे शहरों में बैठे छात्र भी राहुल के कार्यक्रम का बनेंगे हिस्सा

युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि इस पहल से प्रयागराज से दूर बैठे छात्र भी इस संवाद का हिस्सा बन सकेंगे और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को सामूहिक आवाज मिलेगी। युवा कांग्रेस सोशल मीडिया चेयरमैन मनु जैन ने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों और राहुल गांधी से जुड़े विषयों को सोशल मीडिया पर दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि ऑनलाइन माध्यमों पर आवाज दबाई जाएगी तो युवा कांग्रेस उसे सीधे छात्रों के बीच लेकर जाएगी। युवा कांग्रेस ने बताया कि 'स्टूडेंट्स गूंज पार्क' देशभर में 250 से अधिक स्थानों पर बनाए जाएंगे। बाढ़ प्रभावित राज्यों को फिलहाल इस अभियान से बाहर रखा गया है।

राहुल गांधी ने छात्रों से की थी प्रयागराज पहुंचने की अपील

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने युवाओं से प्रयागराज में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा है कि वह शनिवार को प्रयागराज आ रहे हैं और छात्र-युवा भी इस कार्यक्रम में पहुंचें। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर शुक्रवार को लिखा, मैं प्रयागराज आ रहा हूं-उस शहर में जहां देश के सबसे अधिक युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। एक बात साफ है, यहां का हर छात्र जानता है कि व्यवस्था बेईमान हो चुकी है। आपकी मेहनत में कोई कमी नहीं है, कमी उस व्यवस्था की नीयत में है जो आपकी मेहनत का सम्मान नहीं करती। उन्होंने कहा कि पेपरलीक, वर्षों तक भर्तियां नहीं होने, लंबा इंतजार और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से युवाओं का भविष्य लगातार प्रभावित हो रहा है।

राहुल गांधी के 'गूंज' कार्यक्रम को लेकर केपी ट्रस्ट ने दी दोबारा अनुमति

राहुल गांधी के प्रयागराज में छात्रों से संवाद कार्यक्रम 'गूंज' के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है। कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट ने कार्यक्रम स्थल की अनुमति निरस्त करने के अपने पूर्व आदेश को रद्द करते हुए निर्धारित शर्तों के साथ कार्यक्रम की दोबारा अनुमति प्रदान कर दी है। केपी ट्रस्ट के अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने शुक्रवार को यह अनुमति प्रदान की। ट्रस्ट ने कहा है कि जिला प्रशासन द्वारा दी गई अनुमति के आधार पर कांग्रेस पार्टी निर्धारित शर्तों के अधीन कार्यक्रम के संबंध में आगे की कार्रवाई कर सकती है। इसके बाद अब राहुल गांधी का प्रस्तावित कार्यक्रम शनिवार, आठ अगस्त को केपी ग्राउंड में आयोजित किया जा सकेगा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केपी ट्रस्ट को लिखित आश्वासन दिया है कि कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के खेल मैदान और प्रांगण की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया है कि कार्यक्रम के लिए मैदान के केवल उतने ही हिस्से का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे छात्रों की खेलकूद गतिविधियों में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। लिखित आश्वासन में कांग्रेस ने यह भी कहा है कि कार्यक्रम के दौरान इलाहाबाद उच्च न्यायालय अथवा किसी अन्य न्यायालय के आदेशों की अवहेलना नहीं की जाएगी।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका (डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।

पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsप्रयागराज में 'छात्रों की गूंज' बनेंगे राहुल गांधी, देशभर में सीधा प्रसारण