राहुल के विवादित बयान पर सरकार से संगठन तक गुस्सा, योगी, ब्रजेश, केशव और पंकज का तीखा हमला

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

राहुल गांधी के विवादित बयान पर सरकार से संगठन तक गुस्सा दिखा है। सीएम योगी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केशव मौर्य, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और भूपेंद्र चौधरी ने तीखा हमला किया है।

राहुल के विवादित बयान पर सरकार से संगठन तक गुस्सा, योगी, ब्रजेश, केशव और पंकज का तीखा हमला

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को रायबरेली में जनसभा के दौरान पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस को लेकर विवादित बयान दिया है। इस विवादित बयान को लेकर भाजपा सरकार और संगठन दोनों हमलावर हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है।

कुंठा जनित बयान के लिए माफी मांगें कांग्रेस के 'युवराज': योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहुल के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एक्स पर किए पोस्ट में कहा कि विभाजनकारी और तुष्टीकरण की राजनीति की जननी कांग्रेस के 'युवराज' की अमर्यादित टिप्पणी उनकी नकारात्मक राजनीति, असंयमित सोच और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके अनादर को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रति उनकी घोर निंदनीय टिप्पणी 145 करोड़ देश वासियों के जनादेश, विश्वास और लोकतांत्रिक संस्कारों का भी अपमान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के 'युवराज' को अपने आपत्तिजनक, असंसदीय और कुंठाजनित वक्तव्य के लिए समूचे देश से सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगनी चाहिए।

राहुल गांधी का बयान कांग्रेस की अराजकतावादी सोच का परिणाम: ब्रजेश

लखनऊ। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में भारत का सम्मान निरंतर बढ़ रहा है। आज हम वैश्विक स्तर पर भारत की नई पहचान के साथ खड़े हैं। अनेकों देशों द्वारा प्रधानमंत्री को अपने सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मानों से सम्मानित किया जा रहा है। ऐसे समय में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के लिए इस प्रकार के अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करना अत्यंत निंदनीय है। पाठक ने कहा कि यह कांग्रेस और उनके नेताओं के अराजकतावादी और विभाजनकारी मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह बयान किसी भी तरह स्वीकार नहीं है। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। उन्होंने कहा कि देश की जनता जनार्दन उन्हें पुनः सबक सिखाएगी।

कांग्रेस को लोकतांत्रिक मर्यादा से ही चिढ़: केशव

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को गाली देकर अब कांग्रेस अपनी राजनीति की ‘डूबती नाव’ को कतई नहीं बचा सकती है। प्रधानमंत्री के लिए कांग्रेस का कहा हर अपशब्द उसे उसके अंत की ओर तेज़ी से ले जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार ने कांग्रेस को इस स्थिति में पहुंचा दिया है कि अब उसे लोकतांत्रिक मर्यादा, राजनीतिक शिष्टाचार और सम्मान से ही चिढ़ होने लगी है। केशव ने कहा कि जिस नेतृत्व ने दुनिया में भारत का मान बढ़ाया, सीमा पार आतंकवाद को घर में घुसकर जवाब दिया और देश को गौरव के नए शिखर तक पहुंचाया, उसी नेतृत्व को ‘गद्दार’ कहना कांग्रेस की हताशा और विकृत मानसिकता का प्रमाण है। दशकों तक तुष्टीकरण और भ्रष्ट राजनीति करने वाली कांग्रेस अब अपनी डूबती सियासत बचाने के लिए आए दिन ‘जहर उगल’ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को ‘गद्दार’ कहकर कांग्रेस ना जनता का विश्वास जीत पाएगी और न ही अपनी बची-खुची राजनीतिक जमीन बचा पाएगी।

हर राष्ट्रीय उपलब्धि में नकारात्मकता खोजते हैं राहुल: पंकज

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जिस दल ने दशकों तक देश की अर्थव्यवस्था, सामाजिक न्याय और संविधान को केवल अपने परिवार और वोटबैंक की राजनीति का माध्यम बनाया, आज वही लोग जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहे हैं। चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वैश्विक स्तर पर बढ़ता सम्मान कांग्रेस को पच नहीं रहा है। राहुल गांधी हर राष्ट्रीय उपलब्धि में भी राजनीति और नकारात्मकता खोजने का काम करते हैं।

पाकिस्तान की भाषा बोल रहे राहुल गांधी: भूपेंद्र

लखनऊ। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि कांग्रेस और सपा की राजनीति पूरी तरह नकारात्मक है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा वैश्विक स्तर पर देश की छवि को धूमिल करने का काम करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राएं देशहित में हैं। जबकि राहुल की यात्राओं का कोई अता-पता नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यूपी में कोई गंभीरता से नहीं लेता। प्रदेश में उनकी औकात बताने का काम बसपा सुप्रीमो मायावती ने किया है।

Deep Pandey

लेखक के बारे में

Deep Pandey

दीप नरायन पांडेय लाइव हिन्दुस्तान में पिछले आठ सालों से यूपी की खबरें करते हैं। डिजिटल, टीवी और प्रिंट जर्नलिज्म में 15 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले दीप नरायन पांडेय वरिष्ठ पत्रकार हैं। दीप अब डिजिटल मीडिया के जाने माने नाम बन गए हैं। दीप हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को बेहतर समझते हैं। यूपी की राजनीति के साथ क्राइम की खबरों पर अच्छी पकड़ है। सामाजिक, इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्यटन, शिक्षा और हेल्थ पर भी लिखते हैं। दीप पाठकों की पसंद को समझने और उसी तरह से न्पूज प्रस्तुत करने में माहिर हैं। दीप सरल भाषा में खबरों को पाठकों तक पहुंचाते हैं। खबर लिखने के अलावा साहित्य पढ़ने-लिखने में भी रुचि रखते हैं। मास कम्युनिकेशन में बीए और एमए दीप नरायन पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं। दीप ने पत्रकारिता की शुरुवात लखनऊ से की। टीवी चैनल से करियर का आगाज करने वाले दीप इसके बाद प्रिंट अमर उजाला लखनऊ में भी रहे। हिन्दुस्तान प्रिंट में वाराणसी, गोरखपुर, फिर लखनऊ में कार्य के दौरान विभिन्न जिलों के डेस्क इंचार्ज रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव 2012, 2017, 2022, लोकसभा चुनाव, पंचायत चुनावों के दौरान बेहतर कवरेज कर चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।