शंकराचार्य के समर्थन में उतरीं राजा भैया की बेटी राघवी, बोलीं- सनातन और आस्था पर चोट स्वीकार नहीं

Feb 27, 2026 08:17 am ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share

कुंडा विधायक राजा भैया की बेटी राघवी कुमारी ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में ट्वीट कर इसे सनातन धर्म को बदनाम करने की साजिश बताया है। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य का पद वेदों की सर्वोच्च आध्यात्मिक परंपरा है और इस पर आघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

शंकराचार्य के समर्थन में उतरीं राजा भैया की बेटी राघवी, बोलीं- सनातन और आस्था पर चोट स्वीकार नहीं

उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता और प्रतापगढ़ की कुंडा सीट से विधायक राजा भैया की बेटी राघवी कुमारी भी शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को लेकर चल रहे विवादों पर कूद गई हैं। राघवी ने न केवल शंकराचार्य का पुरजोर समर्थन किया, बल्कि इस विवाद को सनातन परंपरा को कमजोर करने की एक गहरी साजिश करार दिया। राघवी कुमारी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में आज होने वाली सुनवाई से ठीक पहले अपनी बात रखते हुए कहा कि "शंकराचार्य का पद किसी व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं होता। यह चार वेदों की जीवित परंपरा का सबसे उच्च आध्यात्मिक स्थान है।"

शंकराचार्य पर आशुतोष ब्रह्मचारी ने दो किशोरों का यौन शोषण करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। कोर्ट के निर्देश पर पिछले रविवार शंकराचार्य के खिलाफ प्रयागराज में एफआईआर भी दर्ज की गई थी। इसके बाद से मामला सुर्खियों में छाया हुआ है। इसे लेकर शंकराचार्य इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचे हैं। शुक्रवार को शंकराचार्य की अग्रिम जमानत याचिका पर हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है।

Voice of UP 🎤: यूपी का सबसे बड़ा Talent Contest— Register करो, talent दिखाओ ✨ Download App

राघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि शंकराचार्य पद की मर्यादा केवल एक मठ या पीठ की प्रतिष्ठा नहीं है, बल्कि यह पूरे सनातन समाज की पहचान का प्रतीक है। राघवी के अनुसार, जिस तरह से इस पद को विवादों में घसीटने का प्रयास किया जा रहा है, वह करोड़ों हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ है।

धार्मिक भावनाओं के सम्मान पर सरकार को घेरा

माघ मेले के दौरान उपजे तनाव और शंकराचार्य से पुलिस की पूछताछ पर चिंता व्यक्त करते हुए राघवी ने राज्य सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने ट्वीट में स्पष्ट किया कि "राज्य की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं होती, बल्कि धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना और सामाजिक संतुलन बनाना भी सरकार का अनिवार्य कर्तव्य है।" उन्होंने इसे केवल एक व्यक्ति पर लगाया गया 'तथाकथित आरोप' नहीं, बल्कि आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित सनातन आध्यात्मिक परंपरा को कमजोर करने की कोशिश बताया।

महान परंपरा को बदनाम करने की कोशिश

राघवी ने अपने पोस्ट में कड़े शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लिखा कि सदियों से वेदों की ज्योति जलाने वाली इस महान परंपरा को बदनाम करने की हर कोशिश पहले भी असफल रही है और आगे भी होगी। उन्होंने कहा कि "आस्था पर आघात स्वीकार नहीं किया जा सकता और अंततः सत्य की ही विजय होगी।" उन्होंने न्यायपालिका के प्रति अपना पूर्ण विश्वास जताते हुए अपने संदेश का अंत 'हर हर महादेव' के उद्घोष के साथ किया।

क्यों चर्चा में है राघवी का यह स्टैंड?

जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की बेटी राघवी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। कई मामलों में वह मुखर रही हैं। राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के साथ चल रहे विवादों में भी अक्सर मां की तरफ से सोशल मीडिया पर मोर्चा भी संभाला है। राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में उन्हें एक प्रखर युवा आवाज के रूप में देखा जा रहा है। राघवी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब शंकराचार्य के खिलाफ हिंदू समाज में तीव्र ध्रुवीकरण देखने को मिल रहा है। राघवी के इस समर्थन ने साफ कर दिया है कि यह मामला अब केवल कानूनी नहीं, बल्कि एक बड़े सामाजिक और राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बन रहा है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।