तेज रफ्तार ट्रक ने छीनी युवक की जिंदगी, 10 मीटर तक घसीटा

Feb 28, 2026 06:30 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रायबरेली
share

Raebareli News - लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र में एक ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। युवक अभिजीत सिंह, जो एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में काम करता था, को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे मृत घोषित कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

तेज रफ्तार ट्रक ने छीनी युवक की जिंदगी, 10 मीटर तक घसीटा

लखनऊ, संवाददाता। सरोजनीनगर क्षेत्र में शुक्रवार रात किसान पथ के गहरु अंडरपास के पास सर्विस लेन से गलत दिशा में आ रहे ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक को स्कूटी समेत करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाए गए युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पिपरसण्ड गांव निवासी अभिजीत सिंह उर्फ सत्यम (22), जो एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में काम करने वाले धर्मेंद्र सिंह का बेटा था, गौरी बाजार स्थित परचून व्यापारी मुंशीलाल का कार चालक था।

शुक्रवार रात ड्यूटी खत्म कर वह अपनी स्कूटी से घर लौट रहा था। जैसे ही वह किसान पथ के गहरु अंडरपास के पास पहुंचा, तभी सर्विस लेन से रॉन्ग साइड आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी स्कूटी में पिपरसण्ड के पास जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक ने टक्कर मारने के बाद भी वाहन नहीं रोका और स्कूटी समेत अभिजीत को लगभग 10 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दौड़कर ट्रक को रुकवाया और चालक को पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस के हवाले आरोपी चालक को कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल अभिजीत को तुरंत सरोजनीनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अभिजीत की मां का करीब एक वर्ष पहले निधन हो चुका है। परिवार में पिता धर्मेंद्र सिंह और छोटा भाई अभिनव सिंह हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना ने एक बार फिर रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।