ट्रेन की चपेट में कटे युवक के दोनों पैर
Raebareli News - हरचंदपुर में एक युवक बेहोशी की हालत में रेलवे लाइन पर गिर गया और मालगाड़ी के पहिए से उसके दोनों पैर कट गए। 20 वर्षीय राहुल, जो मिर्गी के दौरे से पीड़ित था, गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे एंबुलेंस द्वारा एम्स में भर्ती कराया गया।

हरचंदपुर,संवाददाता। लखनऊ- रायबरेली रेलखंड पर सोमवार को बेहोशी की हालत में युवक ट्रेन दुर्घटना का शिकार हो गया। रेलवे लाइन पर गिरे युवक के पैर पर माल गाड़ी का पहिया चढ़ गया। इससे युवक के दोनों पैर कटकर अलग हो गए। जिला अस्पताल से रेफर हुए घायल को नाजुक हालत में एम्स में भर्ती कराया गया है। थाना क्षेत्र के छतैया गांव के रहने वाले 20 वर्षीय राहुल पुत्र छोटेलाल सोमवार सुबह के समय रेलवे लाइन की तरफ गया था। रेलवे अंडर पास के निकट राहुल पता नहीं कब अचेत होकर रेलवे लाइन पर गिर पड़ा। दिन के करीब 11 बजे लखनऊ की ओर से मुगलसराय जा रही डाउन एमटी मालगाड़ी के पहिए राहुल के पैर से गुजर गए।
इससे युवक के दोनों पैर कटकर अलग हो गए। वह खून से लथपथ होकर तड़पने लगा। गंभीर रूप से घायल हुए युवक को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया। डॉ. मलय श्रीवास्तव ने प्राथमिक इलाज के बाद राहुल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मालगाड़ी के लोको पायलट ने गंगागंज में ट्रेन खड़ी करके दुर्घटना की जानकारी दी। गांव के ग्राम प्रधान गनेश प्रसाद का कहना हैं कि छोटेलाल का इकलौता पुत्र राहुल मिर्गी के दौड़े से पीड़ित था। थाने के एसआई एमएल यादव ने बताया कि घायल युवक का एम्स मे इलाज चल रहा हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


