दस घंटे तक जाम,फंसे रहे सैकड़ों वाहन
Raebareli News - डलमऊ तहसील क्षेत्र में जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। गढ्ढे में फंसे ट्रक के कारण 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई। एम्बुलेंस को रास्ता न मिलने पर मरीज को काफी परेशानी हुई। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भरा हुआ है, जिससे ट्रक फंसने की घटनाएं बढ़ रही हैं।
डलमऊ, संवाददाता। जिले के डलमऊ तहसील क्षेत्र में दिन प्रतिदिन जाम की समस्या बढ़ती जा रही है। गुरुवार भोर में गढ्ढे में गिट्टी लदा ट्रक फंसने के बाद करीब दस किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई। ट्रक को हटाने और जाम को खुलने में करीब दस घंटे का समय लग गया। इस दौरान जाम में फंसी एम्बुलेंस को रास्ता ना मिलने पर मरीज दर्द से तड़पता रहा। गांवों के संपर्क मार्गो से एम्बुलेंस निकाली गई। इसके बाद मरीज की जान बची। डलमऊ-फतेहपुर मार्ग पर गंगा पुल पार करते ही सड़क पर बने बड़े-बड़े गढ्ढों में गिट्टी लदा ट्रक फंस गया।
देखते ही देखते बगल से निकलने वाले ट्रक भी गढ्ढों में फंसते चले गए। इससे उक्त मार्ग पर डलमऊ कस्बे से लेकर फतेहपुर जिले के चौदहमील तक वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लगनी शुरू हो गई। बुधवार देर रात करीब दो बजे लगना शुरू हुआ जाम करीब दस किलोमीटर तक वाहनों की लाइनें लगती चली गई। गंगा नदी को पार करने के लिए दूसरे पुल के ना होने के कारण आए दिन क्षेत्र में जाम की समस्या बनी रहती है। इसी बीच रात के समय लगे जाम में मरीज को अस्पताल ले जा रही एम्बुलेंस भी फंस गई। एम्बुलेंस को रास्ता ना मिलने पर मरीज दर्द से कराहता रहा। जाम में फंसे वाहन चालकों के द्वारा किसी तरह से एम्बुलेंस को निकलने के लिए रास्ता बनाया गया। इसके बाद एम्बुलेंस को गांव के संपर्क मांर्गो से निकालकर किसी तरह से अस्पताल पहुंचाया गया, इससे उसकी जान बची। गुरूवार को दिन में किसी तरह से गढ्ढे में फंसे ट्रक को हटाए जाने के बाद मार्ग पर यातायात शुरू किया गया। वहीं जाम में फंसे वाहनों को निकालने में पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए।भूख प्यास से बेहाल दिखे लोग: डलमऊ-फतेहपुर मार्ग पर बुधवार रात करीब दो बजे से लगे जाम में फंसे वाहनों के चालक और लोग भूख प्यास से बेहाल दिखाई दिए। आसपास के गांवों में खुली दुकानों में खाने पीने के सामान तक नहीं बचे। जाम में फंसे चालक और राहगीरों के द्वारा जिम्मेदारों के प्रति आक्रोश भी व्याप्त किया गया।श्मशान घाट तक पहुंचना हुआ टेढ़ी खीर :अंतिम संस्कार के लिए डलमऊ श्मयान घाट तक जाने वाले लोगों को भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अंतिम संस्कार के लिए जाने वाले लोग भी घंटों इस जाम में फंसे रहे। उन्हें भी रास्ता बदलकर किसी तरह से गंगा घाट तक पहुंचना पड़ा।जलभराव और कीचड़ ने बढ़ाई मुसीबत : हाल ही में हुई बारिश के कारण सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे में पानी लबालब भरे होने से समस्या हो गई। गढ्ढों में पानी भरा होने की वजह से ट्रक चालक गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाते है। इससे आए दिन उक्त गढ्ढों में ट्रक फंस जाते है। इसके बाद मार्ग पर जाम लगना शुरू हो जाता है। अगर जिम्मेदार सड़कों के गढ्ढो की भराई करा दें, तो समस्या का हाल काफी हद तक निकल सकता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


