मुंशीगंज-एम्स संपर्क मार्ग पर लगा भीषण जाम, घंटों फंसी रही एम्बुलेंस

Newswrap हिन्दुस्तान, रायबरेली
share

Raebareli News - रायबरेली के भदोखर ब्लॉक में एम्स-मुंशीगंज संपर्क मार्ग पर शनिवार को भीषण जाम लग गया। इस जाम में एम्स के कर्मचारी और एक एंबुलेंस फंसी रही। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने और फ्लाईओवर के निर्माण में तेजी लाने की मांग की है। जाम की समस्या आम बन गई है।

मुंशीगंज-एम्स संपर्क मार्ग पर लगा भीषण जाम, घंटों फंसी रही एम्बुलेंस
(एम्स) रायबरेली, संवाददाता। रायबरेली के भदोखर ब्लॉक में एम्स-मुंशीगंज संपर्क मार्ग पर शनिवार को भीषण जाम लग गया। इसमें जहां एम्स के कर्मचारी फंसे रहे, वहीं एक एंबुलेंस को रास्ता नहीं मिल सका। आसपास के लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर जाम की समस्या अब आम हो गई है, लेकिन प्रशासनिक अधिकारी इसपर ध्यान नहीं दे रहे। एम्स-मुंशीगंज सम्पर्क मार्ग पर आये दिन जाम की समस्या से लोग परेशान हैं। शनिवार को जाम में फंसे राहगीर अनिकेश साहू, अक्षत तिवारी, शुभम शर्मा आदि ने बताया कि मुंशीगंज-डलमऊ मार्ग स्थित क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण के चलते यहां ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। यह रास्ता संकरा होने के चलते यहां अक्सर जाम लग जाता है। इसमें कई बार एम्स के कर्मचारी और एंबुलेंस भी फंस जाती है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित करने की मांग की है। इसके साथ ही फ्लाईओवर के निर्माण में तेजी लाने की मांग की गई है।

दरअसल, मुंशीगंज-डलमऊ मुख्य मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे फ्लाईओवर के कारण वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया है। जिससे एम्स जाने के लिए पैलेस चौराहा सम्पर्क मार्ग से गाड़ियों को घुमा दिया जाता है। इस संपर्क मार्ग के संकरा होने के चलते यहां अक्सर जाम लग जाता है। शनिवार सुबह करीब दस बजे ऑफिस के पीक टाइम पर भी यहां भयंकर जाम लग गया। इस जाम में एक एंबुलेंस भी घंटों फंसी रही। स्थानीय लोगों में पवन मोदनवाल, अधिवक्ता सुरेश पाल, राम पाल, कुलदीप, राज शर्मा आदि ने कहा कि यहां कई बार ट्रकों के टायर फटने से हादसे भी हो चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है।

Voice of UP
वहीं एम्स व्यापार मंडल के अध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि भारी वाहनों के अवागमन व मार्ग के संकरा होने के कारण जाम की समस्या लगातार बनी रहती है, जिससे व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके अलावा एम्स आने वाले मरीजों व तीमारदारों कों भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस संपर्क मार्ग का चौड़ीकरण किया जाए, जब तक यह संपर्क मार्ग चौड़ा नहीं किया जाता, तब तक भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित किया जाए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।