मंदिर परिसर में गंदगी फैलाने के विरोध पर पुजारी को धमकी

हिन्दुस्तान, रायबरेली
Follow us on Google News
share

रायबरेली में श्री सर्वेश्वर महादेव मंदिर में एक युवक ने पुजारी को गंदगी फैलाने से रोका तो धमकी दी। पुजारी ने चौकी प्रभारी को शिकायत की। आरोपी ने अन्य दबंगों को बुलाकर पुजारी को जान से मारने की धमकी दी। स्थानीय निवासियों ने मंदिर की सुरक्षा के लिए उचित कार्रवाई की मांग की। मामला सुलझ गया।

मंदिर परिसर में गंदगी फैलाने के विरोध पर पुजारी को धमकी

रायबरेली संवाददाता। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित श्री सर्वेश्वर महादेव मंदिर में गंदगी फैलाने से टोकने पर युवक ने पुजारी को जान से मारने की धमकी दे डाली। पीड़ित पुजारी ने चौकी प्रभारी को शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात एक युवक नगर कोतवाली क्षेत्र के जेल रोड स्थित श्री सर्वेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने पहुंचा। पुजारी का आरोप है कि दर्शन के बाद निकलते समय युवक ने मंदिर परिसर में लगे वाटर कूलर में पान मसाला खाकर थूक दिया। जब मंदिर के पुजारी ने इस कृत्य का विरोध किया और उक्त व्यक्ति को टोका, तो वह गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गया।

आरोपी ने पुजारी को धमकाते हुए कहा कि वह "ठाकुर" है और देख लेने की धमकी दी।पुजारी का कहना है कि मामला यहीं शांत नहीं हुआ। आरोपी ने फोन करके मोहल्ले के दो अन्य व्यक्तियों, सोनू सिंह और रज्जू सिंह, को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इन दबंगों ने मौके पर पहुंचकर पुजारी को जान से मारने और मंदिर बंद करवाने की धमकी दी। इसकी जानकारी से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त हो गया। शनिवार को चौकी इंदिरा नगर पहुंचे स्थानीय निवासियों ने बताया कि मंदिर प्रांगण में हनुमान जी की प्रतिमा भी स्थापित है, जहां क्षेत्र के कुछ अराजक तत्व अक्सर बैठकर शराब पीते हैं। इससे धार्मिक स्थल की मर्यादा धूमिल हो रही है। इस संबंध में तिलक तिवारी पुत्र कौशल किशोर ने इंदिरा नगर चौकी प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। चौकी प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाया गया था। इसके बाद सुलह-समझौता हो गया है। मामले में पीड़ित पक्ष ने अपनी तहरीर वापस ले ली है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।