युवक की हत्या कर शव नहर में फेंका, इलाके में सनसनी
Raebareli News - युवक की हत्या कर नहर में फेंक दिया गया। नहर में शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सुलतानपुर, संवाददाता। जिले के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के अवसानपुर गांव के पास एक युवक की हत्या कर उसका शव नहर में फेंक दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।नहर में शव मिलने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। स्थानीय लोगों ने नहर में शव पड़े होने की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही शिवगढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से नहर से शव को बाहर निकलवाया। शव की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे यह संभावना व्यक्त की जा रही है कि युवक की पहले हत्या की गई और उसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को नहर में फेंक दिया गया।पुलिस जांच में मृतक की शिनाख्त समर बहादुर, पुत्र स्वर्गीय लालता प्रसाद मुसहर के रूप में हुई है। वह पास के ही क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी ऋतिक कपूर भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस टीम को घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।इस संबंध में चंद्रभान वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल बना हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


