भीषण तूफान का कहर, पेड़ के नीचे दबकर गाय-भैंस की मौत, किसान चोटिल

Newswrap हिन्दुस्तान, रायबरेली
share

Raebareli News - उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में शनिवार की रात आए भीषण तूफान ने किसानों को भारी नुकसान पहुँचाया। एक किसान की भैंस और एक गाय की मौत हो गई, जबकि एक अन्य किसान का पैर टूट गया। तूफान से गेहूं की फसल भी बर्बाद हो गई, जिससे किसानों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा।

भीषण तूफान का कहर, पेड़ के नीचे दबकर गाय-भैंस की मौत, किसान चोटिल
खीरों, (रायबरेली) संवाददाता। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में शनिवार की देर शाम क्षेत्र में आए भीषण तूफान ने किसानों पर कहर बरपा दिया। पेड़ के नीचे दबने से एक किसान की भैंस और एक किसान की गाय की मौत हो गई, जबकि छप्पर गिरने से एक किसान का पैर टूट गया। इस दौरान गहराखेड़ा मजरे धुराई गांव में नीम का एक विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़ गया। पेड़ के नीचे बंधी किसान भीखा पुत्र प्रभु की पालतू भैंस गंभीर रूप से चोटिल हो गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मदनापुर मजरे धुराई गांव के किसान सुखदीन पुत्र रामनरायन की गाय गूलर के पेड़ के नीचे बंधी थी। अचानक तेज तूफान आने से पेड़ उखड़कर गिर गया और उसके नीचे दबने से गाय की मौत हो गई। किसान ने बताया कि चार महीने पहले ही उसकी गाय ने बछड़े को जन्म दिया था और तूफान में दुधारू गाय की मौत हो जाने से उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा।

इसी गांव के किसान सरवन पुत्र रामगोपाल अपने छप्पर के नीचे लेटे हुए थे। अचानक आए तेज तूफान से छप्पर हिलकर उनके ऊपर गिर गया, जिससे उनका पैर टूट गया। गंभीर रूप से घायल किसान को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। भीषण तूफान से क्षेत्र में गेहूं की सैकड़ों बीघा खड़ी फसल गिर गई। नोनैरा निवासी किसान संजय ने बताया कि अचानक आए तूफान से फसल को भारी नुकसान हुआ है और इससे गेहूं की कटाई देर से होगी।

Voice of UP
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।