लूट के बाद भाग रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक जख्मी
Raebareli News - जायस के सराय महेशा गांव में मंगलवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला सिताला से मंगलसूत्र लूट लिया। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की और घेराबंदी की। एक बदमाश घायल हुआ, जबकि दूसरे को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की खामियों पर नाराजगी जताई।

जायस,संवाददाता। जायस कोतवाली क्षेत्र के रामबारी मजरे सराय महेशा गांव की रहने वाली महिला सिताला से मंगलवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने शाम को मंगलसूत्र लूट लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। लूटकांड की घटना की जांच में जुटी पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। इसमें पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश जख्मी हो गया। जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पीड़ित महिला सिताला ने बताया कि वह अपनी बहन माया देवी के साथ ई-रिक्शा से मायके भीरा जा रही थी। इसी बीच क्षेत्र के मोजमगंज पुल से भीरा जाने वाले कच्चे रास्ते पर दोनों पैदल जा रही थी।
तभी पीछे से काले रंग की बाइक पर पहुंचे दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र लूट लिया। झटके से वह सड़क पर गिर गईं और शोर मचाने लगी, लेकिन तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। लूट की घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खुल गई थी। इसकी सूचना पर एसपी अमेठी ने जायस पुलिस को फटकार लगा दी। इसके बाद थाने की पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो बाइक सवार बदमाशों की शिनाख्त हो गई। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की तो पुलिस की गोली लगने से खरौली गांव निवासी बंधन सिंह के पैर में पुलिस की गोली लगने से जख्मी हो गया। वहीं नॉन वर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ शुरू कर दी। इस प्रकरण एसपी सरवणन टी ने बताया कि सीसी टीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपियों की पहचान खरौली गांव निवासी बंधन सिंह और नॉन वर्मा के रूप में हुई। नौगजी के पास घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बंधन सिंह घायल हो गया, जबकि नॉन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात स्वीकार की है। आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


