डीआरएम ने बछरावां रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण
Raebareli News - बछरावां रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण करने पहुंचे मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सामग्री की गुणवत्ता की जांच की और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात की। उन्होंने सुरक्षा को लेकर भी कड़े निर्देश दिए।
बछरावां (रायबरेली)। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ने बीती देर रात बछरावां रेलवे स्टेशन पर पहुंच कर वहां पर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे सौंदर्यीकरण के कार्यों को देखा। संबंधित अधिकारियों से उन्होंने कार्यों में तेजी लाने की निर्देश दिए और समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने को कहा। साथ ही अपने हाथों से छूकर लगाई जा रही सामग्री की गुणवत्ता को भी परखा। रेल यात्रियों की सहूलियतों को बेहतर बनाए जाने के कड़े निर्देश भी दिए। मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा बीती देर रात अचानक बछरावां रेलवे स्टेशन पर पहुंचे तो वहां पर हड़कंप मच गया।
अमृत भारत योजना के तहत चल रहे सौंदर्यीकरण कार्य को उन्होंने लगभग डेढ़ घंटे तक हर स्थान पर पहुंच कर बारीकी से देखा। उन्होंने रैम्प पर लगाए जा रहे मौरंग, सीमेंट के मसाले को हाथ से छूकर देखा और कहा कि जो भी कार्य किये जा रहे हैं उनमें गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी कमी पाई जाएगी तो कड़ी कार्यवाही भी होगी। मंडल रेल प्रबंधक श्री वर्मा ने सबसे पहले रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंचकर यात्री सुविधाओं के लिए बनाए जा रहे वेटिंग हाल को देखा। उन्होंने कहा कि अभी यहां पर अंधेरा है इसमें लाइट की व्यवस्था तत्काल कराई जाए। पेयजल व्यवस्था को और बेहतर बनाए जाने को लेकर उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि गर्मी शुरू हो गई है ऐसे में यात्रियों को प्लेटफार्म पर हर हाल में पानी उपलब्ध रहना चाहिए। ओवर ब्रिज पर लगाए जा रहे ग्रेनाइट को उन्होंने छूकर देखा। दिव्यांगों के लिए बनाए गए रैंप में और रोशनी बढ़ाने के लिए निर्देश दिए। प्लेटफार्म नंबर दो पर फैले मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मलवा यात्रियों को चोटिल कर सकता है इसको तत्काल हटाया जाए। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिकोण से आरपीएफ चौकी इंचार्ज चंद्रभूषण राय से कहा कि कोई भी अराजक तक स्टेशन पर यह परेशानी उत्पन्न करता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें। साथ चल रहे अधिकारियों से उन्होंने कहा कि इस महीने के अंतिम सप्ताह में यहां का लोकार्पण हो सकता है इसलिए कार्यों में तेजी लाकर समय सीमा के अंदर सभी कार्य पूरे किए जाएं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


