लापरवाही बरतने पर उपखंड अधिकारी निलंबित
Raebareli News - रायबरेली के ऊंचाहार क्षेत्र में संविदाकर्मी सूरजभान की दुर्घटना में लापरवाही बरतने पर उपखंड अधिकारी सचिन गौड़ को निलंबित कर दिया गया है। यह दुर्घटना सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग न करने के कारण हुई। प्रबन्ध निदेशक रिया केजरीवाल ने इस मामले की जांच शुरू करने के साथ ही उन्हें अयोध्या क्षेत्र में संबद्ध कर दिया है।

रायबरेली। ऊंचाहार क्षेत्र में संविदाकर्मी के साथ हुई दुर्घटना में लापरवाही बरतने के मामले में वहां के उपखंड अधिकारी सचिन गौड़ को प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने निलंबित कर दिया है। उन्होंने जारी आदेश में बताया कि बीते माह 24 जनवरी की शाम लगभग 7:33 बजे विद्युत पोल पर कार्य करते समय दिलभान पुर निवासी संविदाकर्मी सूरजभान पुत्र रामफेर की विद्युत पोल से नीचे गिरने के कारण दुर्घटना हो गई। जानकारी के बाद मिली आख्या के अनुसार यह दुर्घटना सुरक्षा उपकरणों के प्रयोग न किये जाने के कारण हुई। इस प्रकरण में विभागीय कार्यों में शिथिलता बरतने, अपने उत्तरदायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही बरतने और उच्च अधिकारियों द्वारा दिये गये निर्देशों का पालन अपनी अधीनस्थों द्वारा न कराये जाने के लिए उपखंड अधिकारी सचिन गौड़ को इस मामले का प्रथमदृष्टया दोषी पाया गया हैं।
इस पर कार्रवाई करते हुए प्रबन्ध निदेशक मध्यांचल विद्युत वितरण निगम रिया केजरीवाल ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने उपखंड अधिकारी को अयोध्या क्षेत्र से संबद्ध कर दिया है। इस विभागीय कार्रवाई से हड़कंप मच गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



