दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, युवती सहित तीन घायल
Raebareli News - रायबरेली में बछरावां थाना क्षेत्र में दो बाइकों की टक्कर में एक युवती सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार के कारण हो रहे हादसों पर चिंता जताई और यातायात सुरक्षा की मांग की। पुलिस जांच शुरू कर दी है।

रायबरेली,संवाददाता। बछरावां थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात पहुरावां-नहर कोठी देवपुरी बायपास मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक युवती सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक को ट्रामा सेंटर लखनऊ और दो को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। कैसे हुआ हादसा?बहादुरपुर गांव निवासी शिवांश पटेल (18) अपने साथी अमन साहू के साथ बाइक से बछरावां से देवपुरी गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से गुजरपुर गांव निवासी मंजू रावत (22) अपनी बाइक से आ रही थीं।
पहुरावां-नहर कोठी मार्ग के पास दोनों बाइकें अचानक आमने-सामने आ गईं और जोरदार भिड़ंत हो गई। तीनों सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां ले जाया गया। हालत गंभीर देखते हुए शिवांश पटेल को ट्रामा सेंटर लखनऊ और मंजू रावत व अमन साहू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। तीनों का इलाज जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं। उन्होंने यातायात व्यवस्था को और सुरक्षित बनाए जाने की मांग की है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


