तीन बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खाकर थाने पहुंची विवाहिता
Raebareli News - एक विवाहिता ने ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। वह अपने तीन बच्चों के साथ थाने पहुंची, जहां उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। विवाहिता ने अपने ससुर और ननद पर मारपीट का आरोप लगाया है।

खीरों,संवाददाता। थाना क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ससुराल वालों की प्रताड़ना से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाकर तीन बच्चों को लेकर थाने पहुंची। विवाहिता ने ससुर व ननद पर मारपीट किए जाने के साथ प्रताड़ित जाने का आरोप लगाया है। उसने अपने बच्चों की देखभाल के लिए पुलिस को सौंपा। उसके बयान देते ही हालत बिगड़ने लगी। थाने के अंदर विवाहिता की हालत बिगड़ती देखकर पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। उसे सीएचसी पहुंचाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। क्षेत्र के बहादुर खेड़ा मजरे बरौंडी गांव की रहने वाली 28 वर्षीय विवाहिता सोनी देवी पत्नी मोहित का सब्र मंगलवार को टूट गया।
ससुराल वालों की मारपीट व प्रताड़ना से होकर वह तीन मासूम बच्चों को लेकर थाने पहुंची। इस दौरान उसने रास्ते में एक दुकान से जहरीला पदार्थ खरीदकर खा लिया था। इससे उसकी थाने पहुंचते-पहुंचते हालत बिगड़ने लगी। रोते हुए थाने पहुंची विवाहिता ने अपने ससुर व ननद पर आए दिन मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता के द्वारा पुलिस के सामने रोते हुए दिए गए बयान में बताया कि उसका पति दिल्ली में रहकर प्राईवेट नौकरी करता है। वह घर पर अपने बच्चों के साथ रहती है। इससे उसकी ससुराल वाले उसे आए दिन मारपीट करके उसे परेशान करते है। वह अपने बच्चों के साथ कुछ दिन थाने में शिकायत लेकर आई थी, लेकिन उसके द्वारा दिए गए शिकायती पत्र पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उल्टे थाने के एक दरोगा ने उसे भला बुरा कहते हुए थाने से भगा दिया था। विवाहिता के द्वारा दिए गए बयान के बाद उसकी हालत बिगड़ती गई। आनन-फानन पुलिस कर्मियों के द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। विवाहिता को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


