Raebareli News: भूमि विवाद निस्तारण में फिसड्डी साबित हुई लालगंज तहसील, एसडीएम को कारण बताओ नोटिस, सात दिन में मांगा जवाब
Raebareli News: लालगंज तहसील में भूमि विवादों के निस्तारण के लिए चलाए गए अभियान में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन हुआ। पूरे महीने में एक भी मामला निस्तारित नहीं हुआ, जबकि 543 मामले अब भी लंबित हैं। शासन ने उपजिलाधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिनों में स्पष्टीकरण मांगा है।

Raebareli News: लालगंज (रायबरेली), संवाददाता। भूमि विवादों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शासन की ओर से जून माह में विशेष अभियान चलाया गया था। इस अभियान में लालगंज तहसील का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। हालात यह है कि पूरे महीने में एक भी मामले का निस्तारण नहीं किया जा सका। तहसील की इस लापरवाही पर शासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए उपजिलाधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विशेष सचिव अवनीश सक्सेना की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि अभियान के दौरान लालगंज तहसील में 821 संदर्भों को पुनर्जीवित किया गया था, लेकिन इनमें से एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका।
यही नहीं, तहसील में 543 मामले अब भी लंबित पड़े हुए हैं। भूमि विवादों के लंबित रहने से जहां आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं कई बार ये विवाद आपसी रंजिश और कानून-व्यवस्था की समस्या का कारण भी बन जाते हैं।शासन ने तहसील के इस प्रदर्शन को अभियान के प्रति उदासीनता माना है। पत्र में एसडीएम से सात दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण तलब किया गया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब न मिलने की स्थिति में विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। शासन के इस सख्त रुख से तहसील प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


