Raebareli News: सर्वोदय विद्यालय में के रसोई घर में दीवारों पर कीड़े रेंगते मिले,डीएम भड़कीं
Raebareli News: बछरावां मेंडीएम सरनीत कौर ब्रोका और सीडीओ अंजुलता ने जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान भवन की खराब स्थिति, बिजली समस्या और भोजन की गुणवत्ता में खामियां पाई गईं। छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए।

Raebareli News: बछरावां संवाददाता। जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय शेषपुर समोधा में शनिवार को निरीक्षण करने पहुंचीं डीएम सरनीत कौर ब्रोका और सीडीओ अंजुलता को विद्यालय की व्यवस्थाओं में कई खामियां मिलीं। इस दौरान भवन के रखरखाव, कमरे में एक बेड पर चार-चार लड़कों के सोने की व्यवस्था, बिजली संकट और भोजन की खराब गुणवत्ता समेत विभिन्न समस्याएं सामने आईं। डीएम ने छात्रों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशाला, रसोईघर, डायनिंग हाल और छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान रसोईघर गंदगी, दीवार पर रेंगते कीड़े और भोजन की खराब गुणवत्ता पर डीएम का मिजाज सख्त हो गया। इसके अलावा प्रयोगशाला में दीवारों का प्लास्टर उखड़ा था, कक्षाओं में सीलन दिखी।
विद्यालय की नीतियों में सुधार के निर्देश
डीएम ने विद्यालय प्रबंधन को छात्रों को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा रसोईघर व डायनिंग हाल में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। छात्रों ने विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के साथ ही कई आवश्यकताओं और परेशानियों से उन्हें अवगत कराया। छात्रों ने बताया कि कमरों की कमी के कारण एक बेड पर चार बच्चों के सोने की स्थिति बन रही है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि कमरों की समस्या का समाधान कराया जाएगा और प्रत्येक छात्र के लिए सोने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। विद्यालय में बिजली आपूर्ति की समस्या भी सामने आई। जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रामीण फीडर होने के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्रों को पढ़ाई और छात्रावास में रहने के दौरान बिजली की परेशानी न हो।
निर्धारण की अपेक्षाएं
भवन के रखरखाव पर डीएम ने जताई नाराजगी:भवन के रखरखाव और आवश्यक मरम्मत की स्थिति पर भी डीएम ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने को कहा। इसके साथ ही विद्यालय में खेलकूद की सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि छात्रों को पढ़ाई के साथ खेल और अन्य गतिविधियों के लिए भी जरूरी संसाधन उपलब्ध होने चाहिए। छात्रों की तत्काल जरूरतों को देखते हुए निरीक्षण के दौरान डायनिंग हाल में एक वाटर कूलर, छात्रावास में एक फ्रिज और दो कूलर उपलब्ध कराए गए। डीएम ने अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, भोजन, छात्रावास, शिक्षण और खेलकूद की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
शिक्षा संबंधी समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करना
बच्चों को सीधे संपर्क करने का दिया आदेश: जिलाधिकारी ने छात्रों से कहा कि किसी भी समस्या के सामने आने पर वे सीधे प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आयुष अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी आरवी सिंह, प्रधानाचार्य अवधेश प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
सरनीत कौर ब्रोका, डीएम रायबरेली ने कहा कि बच्चों के आह्वान पर हमने आज विद्यालय का निरीक्षण किया है। यहां कई खामियां मिली हैं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। सबसे बड़ी समस्या सोने और बिजली की थी। उसकी फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था करवा दी गई है। विद्यालय में बच्चों को सभी सुविधाएं प्रदान करने के प्रयास प्रशासन स्तर पर भी शुरू किए जाएंगे।


