
अधिवक्ता ने बार एसोसिएशन को दिया शिकायती पत्र
Raebareli News - हरचंदपुर के अचलेश्वर चौराहा में सरकारी तालाब और रास्ते की भूमि पर कब्जे का विवाद बढ़ रहा है। अधिवक्ता राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया है कि कब्जेदार और राजस्व विभाग-पुलिस की मिलीभगत से उन्हें झूठे मामले में फंसाने की साजिश हो रही है। ग्रामीण 11 जनवरी से धरना दे रहे हैं।
हरचंदपुर,संवाददाता। क्षेत्र के अचलेश्वर चौराहा रहवां में कथित तौर पर सरकारी तालाब और रास्ते की भूमि पर कब्जे का विवाद तूल पकड़ रहा है। सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व मंत्री व अधिवक्ता का आरोप है कि कब्जेदार, राजस्व विभाग और पुलिस की मिली भगत से उन्हें साजिशन झूठे मामले में फंसाने का कुचक्र किया जा रहा है। क्षेत्र के पूरे बलवंत सिंह मजरे रहवां गांव के रहने वाले अधिवक्ता राजनाथ सिंह ने गुरूवार को सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महामंत्री को संयुक्त रूप से दिए गए शिकायती पत्र में कब्जेदार, राजस्व विभाग, पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि अचलेश्वर चौराहे पर बेशकीमती सरकारी तालाब व रास्ते की भूमि पर अवैध रूप से पक्का निर्माण कर लिया गया हैं।
अधिवक्ता का कहना है कि इसके विरोध में बीती 11 जनवरी से अमृत सरोवर पर ग्राम सभा के ग्रामीण अनवरत दिनरात धरना दे रहे है। राजनाथ सिंह का आरोप हैं कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें पता चला है कि अवैध कब्जे को बचाने के लिए उनके खिलाफ भूमि पर कब्जा करने वाले लोग, राजस्व विभाग, पुलिस की मिलीभगत से साजिशन उन्हें फंसाने के साथ बदनाम करने की खातिर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को झूठा प्रार्थना पत्र दिया गया है। उन्होंने मामले की जांच कराने और न्यायोचित कार्यवाही करने की मांग उठाई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




