निर्माणाधीन पानी की टंकी के चौकीदार की धारदार हथियार से हत्या
रायबरेली के बछरावां थानाक्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा गांव में निर्माणाधीन पानी की टंकी के चौकीदार बिंदा प्रसाद की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। शव खून से लथपथ मिला और सिर पर चोटें थीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी की योजना बनाई गई है।
बछरावां (रायबरेली) संवाददाता। रायबरेली के बछरावां थानाक्षेत्र के ठकुराइन खेड़ा मजरे रामपुर सुदौली गांव में बीती रात निर्माणाधीन पानी की टंकी के चौकीदार की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची फोरेंसिक व पुलिस की टीम ने जांच शुरू की है। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। बछरावां थानाक्षेत्र के ठकुरानखेड़ा मजरे रामपुर सुदौली गांव का रहने वाला बिंदा प्रसाद पुत्र राम सजीवन (40) गांव के बाहर जल जीवन मिशन के तहत बन रही टंकी में चौकीदारी का काम करता था। बीती रात वह खाना खाकर पानी टंकी पर चौकीदारी करने चला गया। सुबह जब आसपास के लोग वहां पर गए तो बिंदा प्रसाद का शव चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा था।
उसके सिर व चेहरे पर धारदार हथियार के निशान पाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या की गई है। परिजनों के मुताबिक राम सजीवन की किसी से भी कोई रंजिश नहीं थी। ग्रामीणों का भी कहना है कि बिंदा प्रसाद सीधा-साधा व्यक्ति था। इस मामले में थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि पानी की निर्माणाधीन टंकी के चौकीदार की धारदार हथियार से हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


