
‘पूर्वांचल हमारे कंट्रोल में है...’ थाने में रील बनाना स्वयंभू दबंग को पड़ गया महंगा
स्वयंभू दबंग के थाने के अंदर इस तरह की रील बनाने को पुलिस ने कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती माना। रील वायरल होते ही पुलिस ने स्वयंभू दबंग की तलाश शुरू कर दी थी। थाने की लोकेशन के चलते हर किसी का ध्यान ये रील खींच रही थी। स्वयंभू दबंग ने रील को चार दिसम्बर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था।
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में खुद को पूर्वांचल का दबंग बताकर थाने के अंदर रील बनाना युवक को महंगा पड़ गया। पुलिस ने इस स्वयंभू दबंग को हिरासत में ले लिया। थाने के अंदर बनी मनबढ़ई वाली इस रील के बैकग्राउंड में वेब सीरिज ‘मिर्जापुर’ का एक डायलॉग चल रहा था ‘...पूर्वांचल हमारे कंट्रोल में है, और रहेगा। किसी माई के लाल में हिम्मत नहीं...।

स्वयंभू दबंग के थाने के अंदर इस तरह की रील बनाने को पुलिस ने कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती माना और ऐक्शन में आ गई। रील वायरल होते ही पुलिस ने स्वयंभू दबंग की तलाश शुरू कर दी थी। थाने की लोकेशन के चलते हर किसी का ध्यान ये रील खींच रही थी। स्वयंभू दबंग ने रील को चार दिसम्बर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था। हजारों लोगों ने इसे देखा। रील के वायरल होने के बाद पुलिस भी हैरान रह गई। वीडियो में थाना परिसर दिखाई दे रहा था और बैकग्राउंड में ‘पूर्वांचल के कंट्रोल’ वाला डायलॉग चल रहा था। पुलिस का कहना है कि बिना इजाजत थाना परिसर में इस प्रकार की रील बनाना गंभीर मामला है। युवक को पकड़ने के बाद पुलिस ने उससे पूछताछ की फिर हिरासत में ले लिया। रविवार को युवक के खिलाफ विधिक कार्यवाही की गई।
क्या बोली पुलिस
सिकरीगंज थाने के प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस की जांच में वीडियो सही पाए जाने पर आरोपी धीरज शर्मा उर्फ़ जैकी शर्मा निवासी बढ़यापार (थाना सिकरीगंज) के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और रविवार को न्यायालय रवाना कर दिया। उन्होंने कहा कि थाना परिसर में वीडियो बनाना, धमकी भरी भाषा का उपयोग करना और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर कानून-व्यवस्था को चुनौती देना गंभीर अपराध है। ऐसे कृत्यों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





