उमा भारती की ट्रेन छूटी तो रेलवे में मचा हड़कंप, आनन-फानन में रोकी गई पंजाब मेल
उमा भारती की रविवार को ट्रेन छूट गई। रेलवे अफसरों को जैसे ही यह पता लगा, आनन-फानन में ट्रेन रोकी गई। उमा के ट्रेन में सवार होने के बाद रेलवे अफसरों ने राहत की सांस ली। इस दौरान करीब पांच मिनट देरी से ट्रेन रवाना हो सकी।

UP News: भाजपा की नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती की रविवार को ट्रेन छूट गई। रेलवे अफसरों को जैसे ही यह पता लगा, आनन-फानन में ट्रेन रोकी गई। उमा के ट्रेन में सवार होने के बाद रेलवे अफसरों ने राहत की सांस ली। इस दौरान करीब पांच मिनट देरी से ट्रेन रवाना हो सकी। उमा को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन से पंजाब मेल में सवार होना था। उन्होंने रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव से शिकायत की है।
मुंबई से चलकर दिल्ली को जाने वाली पंजाब मेल एक्सप्रेस रविवार को 2 बजकर 18 मिनट पर झांसी पहुंची। इससे भाजपा की पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती को दिल्ली जाना था, पर उनके ट्रेन में चढ़ने से पहले ही निर्धारित समय पर पंजाब मेल प्लेटफॉर्म से रवाना कर दी गई। उमा भारती के ट्रेन में न चढ़ पाने की जानकारी जैसे ही रेलवे अफसरों को हुई उनके हाथ पांव फूल गए। इसी दौरान किसी ने चेन पुलिंग कर दी और ट्रेन रुक गई। इसके बाद उमा भारती को उसमें सवार कर ट्रेन को रवाना की गई।
उमा ने बताया कि वह समय से पहले ही स्टेशन पहुंच गई थीं, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के चलते उन्हें ट्रेन तक पहुंचने में देरी हुई। पहले उन्हें एस्केलेटर से भेजने की बात कही गई फिर अचानक बैटरी कार से भेजा गया। रास्ते में एक ट्रेन क्रॉस हुई इसके बाद हाथ ठेला फंस गया। उनके गार्ड ने किसी तरह हाथ ठेला हटवाया तब जाकर वह प्लेटफार्म पर पहुंच सकीं, लेकिन तबतक ट्रेन चल दी। उमा ने रेल मंत्री को एक्स पर भेजे अपने शिकायती पत्र में भी लिखा है कि जब मैं 4 नंबर प्लेटफार्म पर पहुंची तो ट्रेन चल दी थी। अचानक किसने चेन पुलिंग कर दी जिसका मुझे अंदाज नहीं है और मुझे ट्रेन में बैठा दिया गया।
इस मामले में सीपीआरओ एनसीआर शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि ट्रेन उमा भारती की वजह से नहीं रोकी गई थी। किसी मुसाफिर ने चेनपुलिंग कर दी थी। रेलवे इस प्रकारण की जांच कर रहा है। इस कारण पंजाब मेल झांसी स्टेशन से एक मिनट 25 सेकेंड की देरी से रवाना हो सकी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें

