Hindi NewsUP NewsProud to be a Thakur, will not tolerate threats, new video of female bank employee comes out, what was told
ठाकुर हूं, तुम्हारी ऐसी की तैसी..., धमकी देने वाली बैंककर्मी का नया वीडियो आया, बताया पूरा मामला

ठाकुर हूं, तुम्हारी ऐसी की तैसी..., धमकी देने वाली बैंककर्मी का नया वीडियो आया, बताया पूरा मामला

संक्षेप:

खुद को ठाकुर बताते हुए किसी से विवाद कर रही महिला बैंककर्मी का नया वीडियो सामने आया है। इसमें बैंककर्मी ने पूरा मामला विस्तार से बताया है। इसके साथ ही यह भी कहा कि अपने स्टेटमेंट पर कायम हूं। ठाकुर होने पर गर्व है।

Feb 10, 2026 10:51 pm ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, कानपुर, प्रमुख संवाददाता।
share Share
Follow Us on

‘ठाकुर हूं, ज्यादा ......बकैती न करना, ऐसी की तैसी कर दूंगी’। एक बड़े प्राइवेट बैंक में कार्यरत महिलाकर्मी का धमकी देते हुए वीडियो दो दिनों से वायरल हो रहा है। किसी को नहीं मालूम की बैंक में आखिर हुआ क्या था। महिला बैंककर्मी की किसके साथ इस तरह से भिड़ंत हो रही थी। ज्यादातर लोग इसे बैंक के कस्टमर के साथ विवाद बताते हुए बैंककर्मी को निशाने पर ले रहे थे। यूपी के राजनीतिक माहौल से भी इसे जोड़ा जा रहा था। अब महिला बैककर्मी का नया वीडियो सामने आया है। इसमें बैंककर्मी ने पूरा मामला विस्तार से बताया है। इसके साथ ही यह भी कहा कि अपने स्टेटमेंट पर कायम हूं। ठाकुर होने पर गर्व है।

क्या है वायरल वीडियो में

पहले जानिए कि वायरल वीडियो में क्या है। 44 सेकंड का वायरल वीडियो पनकी साइट नंबर दो स्थित निजी सेक्टर की बैंक शाखा का है। वीडियो में धमकी दे रही महिला बैंककर्मी का नाम आस्था सिंह है। जो यहां पर 15 दिसंबर से बतौर रिलेशनशिप अफसर तैनात हैं। वीडियो में आस्था किसी पर बुरी तरह झल्लाते हुए कह रही हैं कि समझा दो अपने पति को, मुझे जानती नहीं, ठाकुर हूं, यहां बकैती नहीं चलेगी’। खुद को ठाकुर बताते हुए उनका भिड़ना ही वीडियो को वायरल कर गया।

ये भी पढ़ें:बकायेदारों को योगी सरकार ने दी एक और राहत, 30 दिन में भुगतान पर अतिरिक्त छूट

अब खुद वीडियो बनाकर डाला

अब आस्था सिंह ने एक वीडियो के जरिए अपनी बात रखते हुए न सिर्फ सफाई दी है बल्कि यह भी बताया कि उनसे जाति का उल्लेख क्यों हो गया। कहा कि अभी तक केवल एक पक्ष की जानकारी लोगों को हुई है। ऐसे में जरूरी है कि सभी को पूरा मामला पता चले। आस्था सिंह ने बताया कि यह एक महीने पुराना छह जनवरी का है। यह किसी कस्टमर का वीडियो नहीं है, न ही मैंने किसी कस्टमर के साथ अभद्रता की है। हमारे ही बैंक में काम करने वाली एक महिला के पति के साथ मेरी यह बहस हो रही है। इसे गलत रूप देते हुए कहा जा रहा है कि मैने कस्टमर के साथ इस अभद्रता की है और इसे जातिवाद का मुद्दा बनाया गया है।

उस दिन बैंक में क्या हुआ था

आस्था सिंह ने बताया कि जिस महिला के पति के साथ मेरी बहस हो रही है वह हमारे ही बैंक में काम करती थीं। उन्होंने अपना इस्तीफा दिया था और सेम डे उन्हें रिलीविंग आर्डर चाहिए था। उनकी ननद सुबह से आकर बैंक के ब्रांच में बैठी हुई थीं। मेरी उनसे इस मामले को लेकर थोड़ी बहस हुई थी। इसके बाद उन्होंने अपने भाई यानी महिला के पति को बताया। महिला के पति वर्किंग आवर खत्म होने के बाद शाम करीब साढ़े चार बजे बैंक घुसकर मेरे साथ अभद्रता की।

आस्था सिंह के अनुसार महिला के पति ने सीधे मुझसे पूछा कि कौन सी जाति की हो, इतनी अकड़ है। मेरी डेस्क पर आकर कहा कि मैं तुम्हारी हेकड़ी निकाल दूंगा। तुम्हारी गर्मी निकाल दूंगा। खुद को मीडिया कर्मी बताने वाले उसके पति ने पूरे स्टॉफ के सामने बदसलूकी की। जब विरोध किया तो वीडियो बनाने लगा। वायरल करने की धमकी भी दी थी। मेरे साथ उन्होने अभद्र व्यवहार किया, उसके बाद मैंने यह स्टेटमेंट (ठाकुर हूं) दिया था। आस्था सिंह ने यह भी कहा कि मेरे शब्द गलत हैं, मैं लोगों की सेवा के लिए बैठी हूं लेकिन कोई कहेगा कि तुम्हारी गर्मी निकाल दूंगा तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। आस्था ने यह भी कहा कि मैंने जो बोला है कि मैं ठाकुर हूं, मैं अपने उस स्टेटमेंट पर अब भी कायम हूं। इस बात पर मुझे पूरा गर्व है। आस्था ने बताया कि जानकारी ईमेल के जरिए सीनियर को दी थी। वहीं शाखा प्रबंधक सुमित कुमार ने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।