बरेली जेल में कैदी ने अंगोछे से फांसी लगा कर ली खुदकुशी, नाबालिग से रेप मामले में हुई थी उम्रकैद
वह बैरक के सामने बरामदे की छत में लगे एंगिल में अंगोछा का फंदा बनाकर लटक गया। जेल में बंद अन्य कैदियों ने यह देखकर शोर मचाया और उसे नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर जेल प्रशासन के अधिकारी और इज्जतनगर इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे।
यूपी के बरेली के केंद्रीय कारागार इज्जतनगर में एक कैदी ने खुदकुशी कर ली। उसे नाबालिग से रेप मामले में आजीवन कारावास की सजा हुई थी। जेल प्रशासन के मुताबिक कैदी ने बरामदे के एंगिल में अंगोछा का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

लखीमपुर खीरी के गोला थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव के रहने वाले 31 वर्षीय कैदी मुकेश कुमार को दुष्कर्म और पॉक्सो के मामले में आजीवन कारावास की सजा हुई थी। 19 अक्तूबर 2022 को लखीमपुर खीरी जेल से उसे केंद्रीय कारागार भेजा गया था। तब से वह यहीं सजा काट रहा था।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह बैरक के सामने बरामदे की छत में लगे एंगिल में अंगोछा का फंदा बनाकर लटक गया। अन्य कैदियों ने यह देखकर शोर मचाया और उसे नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर जेल प्रशासन के अधिकारी और इज्जतनगर इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। जांच के बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा गया।
मानसिक रोग का हो रहा था इलाज
सेंट्रल जेल के जेलर नीरज कुमार ने बताया कि मुकेश मानसिक रोगी था। वर्ष 2023 से मानसिक चिकित्सकों के परामर्श से उपचार भी चल रहा था। गुरुवार सुबह दवा लेने के समय उसे बैरक से निकाला गया था और उसने नजर बचाकर पीछे जाकर खुदकुशी कर ली। ड्यूटी पर तैनात बंदीरक्षकों की भूमिका की भी जांच कराई जा रही है।





