गर्मी को लेकर अभी से करें तैयारी, होली पर न हो बिजली कटौती, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का निर्देश

Feb 27, 2026 11:00 pm ISTDinesh Rathour लखनऊ, विशेष संवाददाता
share

मंत्री एके शर्मा ने कहा कि गर्मियों के लिए अभी से तैयारियां करें। गर्मियों से पहले ही अनुरक्षण कार्य करवा लिए जाएं। ट्रांसफॉर्मर, लाइन, केबल, तेल परिवर्तन व अन्य तकनीकी काम समय रहते पूरे किए जाएं, ताकि गर्मी में उपभोक्ताओं को समस्या न हो।

गर्मी को लेकर अभी से करें तैयारी, होली पर न हो बिजली कटौती, ऊर्जा मंत्री एके शर्मा का निर्देश

UP News: ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने होली में बिजली कटौती न किए जाने के आदेश दिए हैं। शुक्रवार को शक्ति भवन में समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि होली पर्व के दौरान प्रदेश में कहीं भी अनावश्यक विद्युत कटौती न हो और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि किसी प्रकार की विद्युत दुर्घटना न घटे। मंत्री ने होली के अलावा गर्मियों में बिजली आपूर्ति की समीक्षा की। मंत्री ने कहा कि गर्मियों के लिए अभी से तैयारियां करें। गर्मियों से पहले ही अनुरक्षण कार्य करवा लिए जाएं। ट्रांसफॉर्मर, लाइन, केबल, तेल परिवर्तन व अन्य तकनीकी काम समय रहते पूरे किए जाएं, ताकि गर्मी में उपभोक्ताओं को समस्या न हो।

उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। पावर कॉरपोरेशन चेयरमैन डा आशीष गोयल ने भी स्पष्ट किया कि गर्मियों में ट्रांसफॉर्मर जलने या अनावश्यक बिजली कटौती की स्थिति में संबंधित अधिशासी अभियंताओं और एसडीओ की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि 10 प्रतिशत ट्रांसफॉर्मर जलने जैसे बहाने स्वीकार नहीं किए जाएंगे। बिजली बिल राहत योजना के अंतिम दिन के पहले सभी बकायेदार उपभोक्ताओं से फोन पर संपर्क करके उन्हें योजना में शामिल करने के आदेश दिए हैं।

अमौसी से आ रही शिकायतों पर जताई नाराजगी

एके शर्मा ने लखनऊ के अमौसी क्षेत्र में लगातार आ रही शिकायतों पर नाराजगी जताई। उन्होंने मध्यांचल एमडी रिया केजरीवाल को संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने सिद्धार्थनगर, मथुरा, झांसी, ललितपुर व बांदा जैसे जिलों में प्राप्त शिकायतों के जल्द समाधान के भी निर्देश दिए हैं।

विजिलेंस ड्यूटी में लगे ड्राइवर बदलें

मंत्री ने विजिलेंस जांच की कार्रवाई पर असंतोष जताया है। उन्होंने कहा कि छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान करने के बजाय बड़े प्रतिष्ठानों व बड़े स्तर पर बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विजिलेंस ड्यूटी में लगे ड्राइवरों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। इस पर एमडी पंकज कुमार ने 24 घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर अवगत कराने का आश्वासन दिया।

पीएम आवास योजना में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: एके शर्मा

दो दिन पहले हुई मीटिंग में नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा था कि प्रधानमंत्री आवास योजना में किसी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी। सरकार की मंशा है कि शहरी विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। नगर विकास मंत्री ने संगम सभागार लखनऊ में बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की प्रगति की गहन समीक्षा की थी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया था कि पात्र लाभार्थियों को समय से आवास उपलब्ध कराएं। लंबित आवासों के निर्माण को शीघ्र पूर्ण कराए तथा जिन लाभार्थियों की किस्तें लंबित हैं, उनका भुगतान तत्काल सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अपात्र व्यक्तियों को सूची से हटाकर वास्तविक पात्रों को जोड़ने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा नियमित भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए।

Dinesh Rathour

लेखक के बारे में

Dinesh Rathour

दिनेश राठौर वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' में डिप्टी चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। डिजिटल और प्रिंट पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले दिनेश ने अपने करियर की शुरुआत 2010 में हरदोई से की थी। कानपुर यूनिवर्सिटी से स्नातक दिनेश ने अपने सफर में हिन्दुस्तान (कानपुर, बरेली, मुरादाबाद), दैनिक जागरण और राजस्थान पत्रिका (डिजिटल) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। हरदोई की गलियों से शुरू हुआ पत्रकारिता का सफर आज डिजिटल मीडिया के शिखर तक पहुँच चुका है। दिनेश राठौर ने यूपी और राजस्थान के विभिन्न शहरों की नब्ज को प्रिंट और डिजिटल माध्यमों से पहचाना है।
लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में कार्यरत दिनेश दिनेश, खबरों के पीछे की राजनीति और सोशल मीडिया के ट्रेंड्स (वायरल वीडियो) को बारीकी से विश्लेषण करने के लिए जाने जाते हैं।

पत्रकारिता का सफर
हरदोई ब्यूरो से करिअर की शुरुआत करने के बाद दिनेश ने कानपुर हिंदुस्तान से जुड़े। यहां बतौर स्ट्रिंगर डेस्क पर करीब एक साल तक काम किया। इसके बाद वह कानपुर में ही दैनिक जागरण से जुड़े। 2012 में मुरादाबाद हिंदुस्तान जब लांच हुआ तो उसका हिस्सा भी बने। करीब दो साल यहां नौकरी करने के बाद दिनेश राजस्थान पत्रिका से जुड़ गए। सीकर जिले में दिनेश ने करीब तीन साल तक पत्रकारिता की। उन्होंने एक साल तक डिजिटल का काम भी किया। 2017 में दिनेश ने बरेली हिंदुस्तान में प्रिंट के डेस्क पर वापसी की। लगभग दो साल की सेवाओं के बाद डिजिटल हिंदुस्तान में काम करने का मौका मिला जिसका सफर जारी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।