लखनऊ में 10 साल बाद जमीनों के रेट में भारी बढ़ोतरी की तैयारी, कितना बढ़ेगा सर्किल रेट

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता।
share

यूपी की राजधानी लखनऊ में दस साल बाद सर्किल रेट बढ़ाने की तैयारी हो रही है। सर्किल रेट में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी का प्रस्ताव किया गया है। घर के बगल में कॉमर्शियल गतिविधि पर 20 फीसदी ज्यादा देने का भी प्रस्ताव है। ग्रामीण इलाकों की कृषि योग्य जमीनों में 15 फीसदी तक की वृद्धि प्रस्तावित है।

लखनऊ सर्किल रेट

राजधानी लखनऊ में 10 वर्ष बाद डीएम सर्किल रेट बढ़ाने के लिए प्रस्ताव रखा गया है। ग्रामीण इलाकों की कृषि योग्य जमीनों में 15 फीसदी तक की वृद्धि प्रस्तावित की गई है। शहरी इलाकों में वृद्धि 25 फीसदी तक है। इसके साथ ही नए सेगमेंट रोड के किनारे और नई विकसित कॉलोनियों की दरें इस बार अलग से प्रस्तावित की गई हैं। डीएम विशाख जी ने बताया कि वृद्धि बाजार मूल्य को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित की गई है। अब प्रशासन ने इस संबंध में दावे और आपत्तियां मांगी हैं।

लखनऊ में पिछली बार वर्ष 2015 में डीएम सर्किल रेट बढ़ाए गए थे। इसके आधार पर ही स्टाम्प और पंजीकरण शुल्क की गणना की जाती है। इस बार सर्किल रेट में कई नए विकसित इलाकों को शामिल किया गया है। वर्ष 2015 के बाद आउटर रिंग रोड-किसान पथ, एम्मआर, वन वर्ल्ड, आगरा एक्सप्रेस वे के आसपास बड़े पैमाने पर टाउनशिप विकसित हुई हैं। इसी तरह मोहनलालगंज और सरोनीनगर में भी कई लग्जरी टाउनशिप का विकास हुआ है।

डीएम ने बताया कि प्रस्तावित दरों की प्रतियां सहायक महानिरीक्षक निबंधन प्रथम, द्वितीय और सभी उपनिबंधकों के कार्यालयों में उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त जनपद लखनऊ की वेबसाइट lucknow.nic.in पर भी इसे देखा जा सकता है। यदि किसी को कोई आपत्ति है तो 2 से 17 जुलाई के बीच प्रस्तुत कर सकता है।

सभी उप निबंधकों के कार्यालयों, सहायक महानिरीक्षक निबंधन प्रथम और द्वितीय में सुबह 10 से शाम 5 बजे के बीच उपस्थित होकर आपत्ति प्रस्तुत करनी होगी। इसके अलावा ई-मेल आईडी aiglko01@gmail.com, aiglko02@gmail.com पर भी अपनी आपत्ति या सुझाव भेज सकते हैं।

अगल-बगल कॉमर्शियल गतिविधि तो 20 फीसदी अतिरिक्त देना होगा

व्यावसायिक भूखण्ड, दुकान, कार्यालय, गोदाम व अन्य की प्रस्तावित दरों में भी बढ़ोतरी हुई है। एकल से अलग हैं तो 20 फीसदी की बढ़ोतरी प्रस्तावित की गई है। वर्ष 2015 में कुछ राजस्व ग्रामों, मोहल्लों में फ्लैट के निर्माण की दर से दुकान, कार्यालय, गोदाम आदि की दर कम तय हुई थी। ऐसे में विसंगतियां थीं। इनको दूर करने के लिए ऐसे ग्रामों में 40 फीसदी तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है। साथ ही ऐसे अकृषक भूखण्ड व भवन जिसकी चौहद्दी में कॉमर्शियल गतिविधि हो रही है तो पहले उसका मूल्यांकन संबंधित दर से होगा। इसके बाद 20 फीसदी मूल्य बढ़ाकर गणना होगी।

कॉमर्शियल प्लॉट ले रहे हैं तो 50 फीसदी अधिक देना होगा

यदि कोई व्यक्ति व्यावसायिक भूखण्ड खरीद रहा है तो उसके लिए भी नया प्रस्ताव है। पूर्व में सरकारी, गैर सरकारी, निजी विभागों या संस्थाओं के अनुमोदित ले आउट-मास्टर प्लान में भूखंड लेने वालों के लिए आवासीय दरें थीं। अब कॉमर्शियल भूखंड लेने वाले को अकृषक दर से 50 फीसदी ज्यादा देना होगा, यह प्रस्ताव रखा गया है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsलखनऊ में जमीनों के रेट में भारी बढ़ोतरी की तैयारी, कितना बढ़ेगा सर्किल रेट