
अयोध्या दीपोत्सव के साथ UP के प्राकृतिक स्थलों का भी करें भ्रमण, ईको टूरिज्म ने लॉन्च किए 5 टूर पैकेज
अयोध्या दीपोत्सव को इस बार पर्यटक एक नए अंदाज़ में अनुभव कर सकेंगे। उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड ने पहली बार दीपोत्सव के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए पांच खास यात्रा कार्यक्रम तैयार किए हैं।
अयोध्या के विश्व प्रसिद्ध दीपोत्सव में देश–दुनिया से आने वाले पर्यटकों को राज्य के प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कराने की तैयारी है। पर्यटक अयोध्या के साथ ही लखनऊ, उन्नाव, वाराणसी, चंदौली और गाजीपुर के प्राकृतिक आकर्षणों का आनंद ले सकेंगे। पर्यटन स्थलों के अनुसार पांच अलग–अलग यात्रा कार्यक्रम तैयार की गई हैं, जिनमें से पर्यटक अपनी सुविधा के अनुसार चयन कर सकते हैं।
ईको टूरिज्म विकास बोर्ड ने पहली बार दीपोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं पर केंद्रित यात्रा कार्यक्रम तैयार किया है। पहली यात्रा कार्यक्रम दो दिन और एक रात की है, जिसमें पहले दिन अयोध्या भ्रमण और दूसरे दिन गोंडा स्थित पार्वती अर्गा बर्ड सेंचुरी को शामिल किया गया है। दूसरे यात्रा कार्यक्रम में तीन दिन और दो रात की है, जिसमें पहले दिन लखनऊ भ्रमण, दूसरे दिन अयोध्या भ्रमण और तीसरे दिन लखनऊ में कुकरैल रिजर्व फॉरेस्ट आदि स्थलों का भ्रमण शामिल है। तीसरे यात्रा कार्यक्रम में चार दिन और तीन रात की है, जिसमें रामसर साइट नवाबगंज पक्षी विहार, उन्नाव को जोड़ा गया है।
अयोध्या से वाराणसी
चौथा यात्रा कार्यक्रम अयोध्या–वाराणसी–गाजीपुर को जोड़ते हुए तीन दिन और दो रात की तैयार की गई है। इसमें अयोध्या और काशी के प्रसिद्ध स्थलों के साथ-साथ सारनाथ स्थित कछुआ प्रजनन एवं पुनर्वास केंद्र, गंगा दर्पण म्यूजियम तथा गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र में गंगा नदी में डॉल्फिन दर्शन को शामिल किया गया है। पांचवां यात्रा कार्यक्रम अयोध्या, वाराणसी, गाजीपुर के साथ-साथ चंदौली जनपद को भी जोड़ा गया है। यह यात्रा प्रोग्राम पांच दिन और चार रात की है। चौथे दिन चंदौली जिले के राजदरी एवं देवदरी जलप्रपात का भ्रमण कराया जाएगा।
वेबसाइट और सोशल प्लेटफार्म पर उपलब्ध
उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड का प्रयास है कि दीपोत्सव में देश–दुनिया से आने वाले श्रद्धालु राज्य के प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करें, जिससे स्थानीय समुदायों की आय में वृद्धि हो। इन यात्रा कार्यक्रमों में उन्हीं स्थलों को शामिल किया गया है जहां से पर्यटक अयोध्या भ्रमण के साथ आसानी से यात्रा कर सकें। ये सभी कार्यक्रम ईको टूरिज्म विकास बोर्ड की वेबसाइट www.upecoboard.up.gov.in तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध हैं। सारनाथ के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में गंगा दर्पण म्यूजियम का महत्वपूर्ण स्थान है।
यूपी के प्राकृतिक आकर्षणों का आनंद ले सकेंगे पर्यटक: जयवीर
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि “उत्तर प्रदेश धार्मिक, आध्यात्मिक और ईको टूरिज्म का संगम है। यहां की संस्कृति में प्राकृतिक संपदाओं के प्रति अपार आस्था है। उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म विकास बोर्ड का यह प्रयास सराहनीय है, जिससे देश–दुनिया से आने वाले श्रद्धालु धर्म–अध्यात्म के साथ-साथ प्राकृतिक पर्यटन का भी आनंद ले सकेंगे।”





