
ग्रामीणों को नहीं भा रही मुफ्त सौर ऊर्जा; आवेदन आए 13976, प्लांट 9302 ने लगाया
प्रयागराज में 13976 आवेदकों में से 9302 लोगों ने ही सौर ऊर्जा की इस योजना का लाभ लिया है। सरकार का लक्ष्य है कि जिले में 2027 तक एक लाख लोगों को सौर ऊर्जा से जोड़ा जाए।
सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और उपभोक्ताओं को बिजली बिल से राहत देने के उद्देश्य से शुरू की गई पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना प्रयागराज जिले में धीमी रफ्तार से बढ़ रही है। आंकड़ों के अनुसार लगभग दो वर्षों में अब तक कुल 13,976 आवेदकों में से मात्र 9,302 लोगों ने ही योजना का लाभ लिया है। यानी लगभग एक-तिहाई पात्र उपभोक्ता अभी भी योजना से वंचित हैं। सरकार ने वर्ष 2027 जिले के लगभग एक लाख उपभोक्ताओं को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है, लेकिन 9302 लोगों ने ही योजना का लाभ लिया है।
परियोजना विभाग के अधिकारियों का कहना है कि लोग योजना का लाभ लेने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। लोगों में योजना को लेकर उत्साह नहीं है। ठेकेदारों और उपभोक्ताओं के बीच समन्वय न होने से प्रक्रिया में देरी हो रही है। कई जगहों पर उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए समय पर तकनीकी टीम उपलब्ध नहीं हो पा रही है, जबकि कुछ स्थानों पर कागजी कार्यवाही पूरा न होना भी विलंब की सबसे बड़ी वजह बन रहा है।
सौर ऊर्जा को लेकर शहरी इलाकों में ज्यादा दिलचस्पी
दिलचस्प बात यह है कि शहरी क्षेत्र में योजना को लेकर अच्छी प्रतिक्रिया मिली है, जहां करीब 80 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति बेहद निराशाजनक है, जहां महज 10 प्रतिशत लोग ही इस योजना से जुड़ पाए हैं। ग्रामीण इलाकों में जागरूकता की कमी से लोग योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। परियोजना विभाग के जिला अधिकारी का कहना है कि यदि केवल सरकारी कर्मचारी ही योजना का लाभ ले लें तो लक्ष्य की प्राप्ति की जा सकती है। हम लोग इसके लिए प्रशासन को कई बार लेटर भी लिख चुके हैं।





