Prayagraj News: मंदिर की जमीन पर कब्जे के विरोध में पानी टंकी पर चढ़ी महिला
Prayagraj News: प्रयागराज के भगवतपुर गांव में एक महिला ने हनुमान मंदिर की जमीन पर कब्जे के खिलाफ विरोधस्वरूप पानी टंकी पर चढ़ गई। वह आरोप लगाती है कि गांव में चहारदीवारी का निर्माण रोकने के लिए किसी ने जमीन पर कब्जा किया है और प्रशासन की ओर से कार्रवाई न होने पर उसने आत्मदाह की चेतावनी दी है।
Prayagraj News: प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। एयरपोर्ट थानाक्षेत्र के भगवतपुर गांव में हनुमान मंदिर की जमीन पर कब्जे के विरोध में शुक्रवार को एक महिला पानी टंकी पर चढ़ गई। हाईकोर्ट फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे पानी टंकी पर चढ़ी महिला को देख लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम महिला को समझाने में जुटी है। जबकि, महिला ने वीडियो जारी कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पानी टंकी पर चढ़ी भगवतपुर गांव निवासी ननकी दुबे की पत्नी पूनम दुबे का कहना है कि गांव में प्राचीन हनुमान मंदिर की जमीन के चारों तरफ चहारदीवारी बनने का प्रस्ताव है।
तीन तरफ चहारदीवारी का निर्माण भी हो चुका है। लेकिन, एक तरफ कुछ लोगों ने जमीन पर कब्जा करने की नीयत से चहारदीवारी का निर्माण रोक दिया है। आरोप है कि राजस्व विभाग की मिलीभगत से करीब 20 फीट चौड़ी जमीन भी छोड़ी गई है। पूनम दुबे का आरोप है कि ग्रामीणों के साथ वह खुद एसडीएम से लेकर लेखपाल तक लिखित शिकायत कर चुकी है। लेकिन, अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। पूनम दुबे ने त्वरित कार्रवाई नहीं होने पर पानी टंकी से कूदकर जान देने की चेतावनी दी है। फिलहाल पुलिस महिला को पानी टंकी से सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास कर रही है।


