जज के भतीजे की सगाई में जेवरात चोरी करने वाले गिरोह की इनामी महिला गिरफ्तार
Prayagraj News - प्रयागराज में सिविल लाइंस स्थित कान्हा श्याम होटल में जज के भतीजे की सगाई के दौरान लाखों रुपये के जेवरात और मोबाइल चोरी करने वाली बीना बाई को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने पहले ही गिरोह के पांच आरोपियों को जेल भेज दिया था। बीना पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। सिविल लाइंस स्थित कान्हा श्याम होटल में दो साल पहले एक जज के भतीजे की सगाई के लाखों रुपये मूल्य के जेवरात व मोबाइल चोरी करने वाले गिरोह की सदस्य महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया। मध्य प्रदेश की बीना बाई पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। आरोप है कि बीना बाई ने ही चोरी की वारदात में समारोह में रहते हुए रेकी की थी। पुलिस गिरोह के पांच आरोपियों को पहले भी जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार, कान्हा श्याम होटल में 12 मई 2022 को जज के भतीजे की सगाई थी।
सगाई के दौरान सोने के जेवरात, महंगे रत्न व मोबाइल चोरी हो गया था। म्योर रोड निवासी चंद्र प्रकाश केसरवानी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरी करने वाले गिरोह के जैकी कुमार सांसी, कुणाल, संतोष सांसी, कोहिनूर सांसी निवासीगण कड़िया थाना बोड़ा राजगढ़ (मध्य प्रदेश) और रामू पटेल निवासी चक रघुनाथ नैनी प्रयागराज को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। आरोपियों से पूछताछ में मध्य प्रदेश के बोड़ा राजगढ़ निवासी बीना बाई का नाम सामने आया था। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि दो साल से बीना बाई फरार चल रही थी। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसके गांव कड़िया सासी में दबिश देकर गिरफ्तार किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


