फिर बड़ी संख्या में कट सकते हैं नाम
Prayagraj News - प्रयागराज में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत जारी नोटिसों का जवाब देने में मतदाता पीछे हैं। अब तक केवल 7679 लोगों ने जवाब दिया है, जबकि 11 लाख से अधिक मतदाताओं का नाम कट चुका है। अगर जवाब नहीं मिला, तो अंतिम मतदाता सूची में नाम नहीं होगा। नए मतदाताओं को जोड़ने का काम भी जारी है।

प्रयागराज। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के नोटिस जारी होने के बाद जवाब दाखिल करने में भी वोटर पीछे हैं। अब तक महज 7679 लोगों ने नोटिस के बारे में जवाब दिया है, जिनकी सुनवाई हुई है। जबकि कम समय के कारण यह काम तेजी के साथ होना है। जवाब न देने की दशा में बड़ी संख्या में नाम कट सकता है। एसआईआर अभियान के दौरान जिले में 11 लाख से अधिक मतदाताओं का नाम कट चुका है। जबकि 10 लाख से अधिक वोटरों को नो मैपिंग के कारण नोटिस भेजा जाना है। इसमें नोटिस जारी होने में तो समय लग रहा है।
अब तक एक लाख मतदाताओं को भी नोटिस नहीं भेजा जा सका है। वहीं नोटिस का जवाब देने में भी मतदाता काफी पीछे हैं। अब तक महज 7679 मतदाताओं ने नोटिस का जवाब भेजा है। ऐसी दशा में बड़ी संख्या में वोटरों का नाम कटना लगभग तय है। निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार अगर किसी ने जवाब नहीं दिया तो उसका नाम छह मार्च को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में नहीं होगा। इस दशा में समस्या होगी। इस बीच नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए फॉर्म छह भी भरवाया जा रहा है, हालांकि कितने वोटर नए मतदाता के रूप में पंजीकृत होंगे यह भी अहम सवाल है। फिलहाल अगर नोटिस का जवाब नहीं दिया गया तो अंतिम सूची में बड़ी संख्या में नाम कटना तय माना जा रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



