
मतदाता सूची में जरूर देखें तस्वीर, संशोधन तत्काल कराएं
Prayagraj News - प्रयागराज में मतदाता सूची का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) हो चुका है। 20 जनवरी को सभी बूथों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे। मतदाता को अपनी फोटो की गुणवत्ता की जांच करनी है, क्योंकि ऑनलाइन सूची में फोटो नहीं है। फोटो में कोई त्रुटि होने पर एप के माध्यम से सुधार किया जा सकता है। अंतिम प्रकाशन 6 मार्च को होगा।
प्रयागराज वरिष्ठ संवाददाता मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद अब आलेख्य प्रकाशित हो चुका है। 20 जनवरी को सभी बूथों पर बीएलओ सुबह 10 से चार बजे के बीच बैठेंगे। लोग अपने बूथों पर जाकर सूची जरूर देख लें। अगर फोटो छोटी है, धुंधली है या फिर काली है तो इसे एप के माध्यम से सुधरवा लें। आम मतदाताओं के लिए इसलिए भी इसे देखना जरूरी है क्योंकि ऑनलाइन माध्यम से डाउनलोड की गई सूची में फोटो नहीं है। ऐसे में लोग अगर ऑनलाइन सूची देखकर अपना नाम आलेख्य में सही पा रहे हैं तो फोटो की गड़बड़ी की जानकारी उन्हें नहीं होगी क्योंकि ऑफलाइन सूची में ही फोटो है।
इसलिए ऑफलाइन सूची जरूर देख लें। मतदाता सूची एसआईआर के आलेख्य में लोगों को फोटो एप के माध्यम से बदलवाने पर कोई फॉर्म नहीं भरना होगा। जबकि अगर पता, नाम, उम्र, लिंग में कोई बदलाव होता है तो उसके लिए फॉर्म आठ भरना होगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पूजा मिश्रा ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम वाले आलेख्य में फोटो अपलोड करना संभव नहीं था, इसमें काफी वक्त लगता। ऐसे में निर्वाचन आयोग ने ही इसके लिए मना किया था। ऑफलाइन वाले आलेख्य में सभी की फोटो लगी है। लोग इसे देखकर अगर जरूरत समझे तो बदलाव करा सकते हैं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन छह मार्च को होना है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




