जिले में कम हुए 11.56 लाख वोटर, सर्वाधिक कमी उत्तरी में
Prayagraj News - प्रयागराज में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची का आलेख्य जारी हुआ। जिले में कुल 35,36,555 मतदाता हैं, जिसमें 19,60,593 पुरुष, 15,75,635 महिलाएं और 327 ट्रांसजेंडर शामिल हैं। 22 वर्षों में मतदाता संख्या में 13,59,980 की वृद्धि हुई, लेकिन एसआईआर के दौरान 11,56,305 मतदाता कम हुए।

प्रयागराज। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का आलेख्य मंगलवार को प्रकाशित हो गया। जिले में कुल मतदाता 35 लाख 36 हजार 555 हैं। जिसमें 19 लाख 60 हजार 593 पुरुष, 15 लाख 75 हजार 635 महिलाएं और 327 ट्रांसजेंडर हैं। वर्ष 2003 की मतदाता सूची की बात की जाए तो उस वक्त जिले में कुल 33 लाख 32 हजार 880 वोटर थे। 27 अक्तूबर 2025 को जब एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हुई तो जिले में कुल 46 लाख 92 हजार 860 मतदाता थे। यानी 22 वर्ष में जिले में कुल 13 लाख 59 हजार 980 मतदाता बढ़े और चार नवंबर जब एसआईआर का प्रपत्र वितरित होना शुरू हुआ और 26 दिसंबर को जब यह काम बंद हुआ तो 53 दिनों के भीतर 11 लाख 56 हजार 305 मतदाता कम हो गए।
इलाहाबाद उत्तर विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक एक लाख 79 हजार 963 मतदाताओं के नाम सूची से कम हुए हैं। मंगलवार को आलेख्य प्रकाशित होने के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने पहले सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उन्हें एसआईआर की प्रक्रिया और आलेख्य में प्रकाशित मतदाता सूची सौंपी और आगे की प्रक्रिया को समझाया। इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में बताया कि अब एएसडी (अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृतक) श्रेणी के मतदाताओं के लिए एसआईआर की प्रक्रिया खत्म हो चुकी है। इस श्रेणी वाले मतदाताओं को अब नए मतदाता बनने के लिए फॉर्म छह भरना होगा। डीएम ने बताया कि 35 लाख 36 हजार 555 में से 32 लाख 27 हजार 798 मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी है। यानी कि अब दो लाख 87 हजार 612 वोटरों को नोटिस जाना तय है। ये वो वोटर हैं, जो वर्ष 2003 का ब्योरा नहीं दे सके हैं। इन वोटरों को निर्वाचन आयोग की ओर से जारी किए गए दस्तावेजों में कोई एक देना होगा। जिले में कुल एक लाख 73 हजार 810 मतदाता मृतक सूची में आए, एक लाख सात हजार 84 मतदाता डुप्लीकेट वोटर थे, जो दो या अधिक जगह से मतदाता थे। सर्वाधिक चार लाख 88 हजार 950 मतदाता स्थानांतरित सूची में हैं, जो किसी अन्य जगह ट्रांसफर हो चुके हैं। 19 हजार 341 अन्य कारणों से सूची में नहीं आ सके हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




