विवेक के सीबीआईसी चेयरमैन बनने पर पुरनियों में हर्ष
Prayagraj News - प्रयागराज में, इलाहाबाद विश्वविद्यालय एल्युमिनाई एसोसिएशन ने विवेक चतुर्वेदी को सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेस एंड कस्टम्स (सीबीआईसी) का चेयरमैन बनाए जाने पर बधाई दी। विवेक फिरोजाबाद के निवासी हैं और उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीए और एमए की डिग्री प्राप्त की। उनके इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय समुदाय में खुशी है।
प्रयागराज, कार्यालय संवाददाता। सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेस एंड कस्टम्स (सीबीआईसी) के चेयरमैन बनाए जाने पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय एल्युमिनाई एसोसिएशन ने वरिष्ठ अधिकारी विवेक चतुर्वेदी को बधाई दी। एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं मध्य एवं आधुनिक इतिहास विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. हेरंब चतुर्वेदी ने बताया कि विवेक चतुर्वेदी मूलतः फिरोजाबाद के निवासी हैं और अपने छात्र जीवन में आनापुर बंगले में रहते थे। उनके पिता मयंक मोहन चतुर्वेदी अधिवक्ता रहे हैं। प्रो. चतुर्वेदी ने बताया कि विवेक ने सेंट जोसेफ़ स्कूल में दसवीं (1981) तक पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने ब्वॉयज हाईस्कूल में 1981 से 1983 के बीच कक्षा 11 और 12 की शिक्षा प्राप्त की।

उन्होंने 1983 से 1989 के बीच इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीए और एमए (फर्स्ट क्लास) किया। उस अवधि में विश्वविद्यालय के दो सत्र शून्य रहे थे। विवेक ने एमए अंग्रेजी साहित्य में किया था। वह 1990 बैच में भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) में चयनित हुए। उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय समुदाय, पूर्व छात्रों और शिक्षकों में खुशी की लहर है। प्रो. चतुर्वेदी ने यह भी याद किया कि 16 दिसंबर 2024 को दिल्ली में अतुल चतुर्वेदी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम के दौरान विवेक चतुर्वेदी उनसे मिलने भी आए थे। एसोसिएशन के सचिव प्रो. कुमार वीरेंद्र ने कहा कि विश्वविद्यालय ऐसे सफल पूर्व छात्रों पर गर्व करता है, जो देश की सर्वोच्च सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान दे रहे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




