
विज्ञापन के दस साल बाद बनेंगे सरकारी शिक्षक
Prayagraj News - उत्तर प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) कला के लिए 2016 में जारी विज्ञापन के आधार पर 29 पदों पर नौकरी मिलने जा रही है। उच्च न्यायालय के आदेश पर रिक्त पदों की जानकारी दी गई है, और चयनित अभ्यर्थियों को जल्द ही नियुक्ति पत्र जारी होगा।
प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) कला की भर्ती के लिए 2016 में जारी विज्ञापन के आधार पर दस साल बाद 29 पदों पर अभ्यर्थियों को नौकरी मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड ने टीजीटी कला 2016 की आठ व नौ मार्च 2019 को आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम सात जनवरी 2020 को घोषित किया था। बालक वर्ग की 391 सीटों पर 1329 जबकि बालिका वर्ग की 33 सीटों पर 111 अभ्यर्थी चयनित हुए थे। इसका अंतिम परिणाम 28 दिसंबर 2021 को जारी हुआ जिसके खिलाफ कुछ अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिकाएं दायर कर दी थीं।
हाईकोर्ट के आदेश पर चयन बोर्ड ने 19 दिसंबर 2024 को संशोधित परिणाम जारी करना पड़ा था। इस भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों के कार्यभार ग्रहण न करने पर रिक्त सीटों पर तैनाती के लिए चयन बोर्ड ने प्रतीक्षा सूची भी जारी की थी। हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने रिक्त 29 पदों और प्रतीक्षा सूची के 56 अभ्यर्थियों का विवरण 18 जनवरी 2025 को अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक सुरेन्द्र कुमार तिवारी को भेजा था। आयोग की ओर से भेजी गई सूचना के आधार पर अभ्यर्थियों के संस्था आवंटन के लिए आठ जनवरी को शिक्षा निदेशालय में काउंसिलिंग कराई जा चुकी है। अब चयनित अभ्यर्थियों को जल्द ही नियुक्ति पत्र जारी होगा। बालक वर्ग में 28, बालिका में एक सीट टीजीटी कला की रिक्त 29 सीटों में से 28 बालक वर्ग की हैं। इन 28 सीटों में 18 अनारक्षित, छह ओबीसी और चार एसटी वर्ग की है। वहीं बालिका वर्ग में एससी श्रेणी की एक सीट पर चयन होना है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




