नहीं बढ़ेगी यूपी-टीईटी की फीस, आयोग का प्रस्ताव खारिज
Prayagraj News - प्रयागराज में यूपी-टीईटी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए खुशखबरी है। शासन ने शिक्षक पात्रता परीक्षा की फीस वृद्धि के प्रस्ताव को खारिज कर दिया है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस के लिए फीस 600 रुपये, एससी-एसटी के लिए 400 रुपये और दिव्यांगों के लिए 100 रुपये निर्धारित की गई है।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में चार साल बाद होने जा रही शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी) की तैयारी कर रहे लाखों प्रतियोगी छात्रों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से शासन को भेजा गया फीसवृद्धि का प्रस्ताव खारिज कर दिया गया है। शासन के विशेष सचिव आरवी सिंह की ओर से 15 मार्च 2021 को जारी आदेश में फीस निर्धारित की गई थी। सामान्य, ओबीसी व ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों के 600 रुपये, एससी-एसटी के लिए 400 और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 100 रुपये फीस तय की गई थी। प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर की टीईटी में से यदि कोई अभ्यर्थी किसी एक में शामिल होता है तो संबंधित संवर्ग के अनुसार 600, 400 या 100 रुपये फीस थी और दोनों स्तर की परीक्षा के लिए क्रमश: 1200, 800 और 200 रुपये फस थी।
चयन आयोग के गठन के बाद दो साल पहले 2024 में फीसवृद्धि की गई थी। आयोग ने सामान्य, ओबीसी व ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों के 1000 रुपये, एससी-एसटी के लिए 500 और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये फीस तय की थी।हालांकि उसके बाद चयन आयोग ने पिछले साल फिर फीसवृद्धि का प्रस्ताव शासन को भेजा था। बगैर परीक्षा कराए दोबारा भेजे गए प्रस्ताव में सामान्य, ओबीसी व ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों फीस बढ़ाकर 1700 रुपये करने की अनुमति मांगी गई थी। इसी प्रकार दूसरे श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए भी फीसवृद्धि का सुझाव था। हालांकि शासन ने फीसवृद्धि से इनकार कर दिया है। चयन आयोग के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. संजय सिंह के अनुसार दोबारा भेजे गए फीसवृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिली है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


