
बेसिक का कैलेंडर जारी, वसंत पंचमी की छुट्टी बहाल
Prayagraj News - उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों ने 2026 के लिए अवकाश तालिका जारी की है। वसंत पंचमी का अवकाश बहाल किया गया है। इस साल 33 अवकाश हैं, जिनमें से चार रविवार को पड़ते हैं। होली, दीपावली और अन्य त्योहारों के लिए छुट्टियों की तिथियाँ भी निर्धारित की गई हैं।
बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों की अवकाश तालिका जारी हो गई है। सचिव सुरेन्द्र कुमार तिवारी की ओर से जारी वर्ष 2026 के कैलेंडर में वसंत पंचमी का अवकाश बहाल कर दिया गया है। प्रदेश के एक लाख से अधिक परिषदीय स्कूलों में कार्यरत पांच लाख से अधिक शिक्षकों और स्टाफ को 2024 तक वसंत पंचमी का अवकाश मिलता था। पिछले साल 2025 में वसंत पंचमी का अवकाश केवल प्रयागराज में मिला था लेकिन अन्य जिलों में यह छुट्टी कटने पर शिक्षकों ने काफी विरोध किया था। इस साल होलिका दहन और होली का अवकाश क्रमश: दो और चार मार्च को है।
तीन मार्च को स्कूल खुलेंगे। 2025 में 13 मार्च को होलिका दहन और 14 मार्च को होली की छुट्टी थी। इसी प्रकार 2025 में नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्द्धन पूजा, भैया दूज और चित्रगुप्त जयन्ती की छुट्टी 20 से 23 नवंबर तक चार दिन एकसाथ थी। इस बार तीन दिन की छुट्टी मिलेगी। 2026 में नरक चतुर्दशी/दीपावली का अवकाश आठ नवंबर, गोवर्द्धन पूजा नौ नवम्बर और भैया दूज / चित्रगुप्त जयन्ती की छुट्टी 11 नवंबर को होगी। ग्रीष्मावकाश 20 मई से 15 जून तक और शीतकालीन अवकाश 31 दिसम्बर से 14 जनवरी 2027 तक होगा। एक अप्रैल से 30 सितम्बर तक सुबह आठ बजे से दो बजे तक जबकि एक अक्टूबर से 31 मार्च तक सुबह नौ से तीन बजे तक स्कूल खुलेंगे। 33 में से चार अवकाश रविवार को कैलेंडर में इस साल कुल 33 अवकाश है। इनमें से चार छुट्टियां रविवार को पड़ने के कारण शिक्षक थोड़े मायूस भी हैं। संत रविदास जयंती एक फरवरी, महाशिवरात्रि 15 फरवरी, नरक चतुर्दशी/दीपावली आठ नवंबर और छठ पूजा पर्व 15 नवंबर का अवकाश रविवार को पड़ रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




