सेना से वार्ता कर लीज पर लेंगे जमीन, दिखेगी संगम की अलौकिक चमक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में त्रिवेणी आरती की शुरुआत की। इसके तहत वीआईपी घाट पर आरती और पूजन किया गया। अधिकारियों ने संगम की चमक बढ़ाने के लिए योजनाएं बनाई हैं, जिसमें पर्यटकों के लिए वेंडिंग जोन और तीर्थ पुरोहितों की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को त्रिवेणी आरती की शुरुआत की तो दूसरे दिन बुधवार को भी इसे जारी रखा गया। मुख्य धारा में एक बैरियर लगाकर और वीआईपी पक्के घाट पर आरती व पूजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज मेला प्राधिकरण के काम की प्रशंसा की तो अब प्राधिकरण भी अपनी मुख्य भूमिका में आने को तैयार है। अफसरों ने विस्तार से एक कार्य योजना बनाई है, जिस पर अलग-अलग चरणों में काम करके संगम की अलौकिक चमक को पूरी दुनिया में बिखेरा जाएगा। अफसरों का प्रयास है कि सेना से वर्ता कर बांध के नीचे की जमीन को कुछ सालों की लीज पर लिया जाए।
जिससे यहां पर कुछ ऐसे काम हों, जिनका वर्ष पर्यंत महत्व दिखाई दे। मेलाधिकारी ऋषिराज ने बताया कि अभी चीजें शुरू हुई हैं, लेकिन रुकना नहीं है। ऐसे में यही प्रयास है कि अगर कुछ वर्षों के लिए बांध के नीचे की जमीन लीज पर मिल जाए तो यहां पर अच्छा वेंडिंग जोन बना दिया जाए। जिससे यहां आने वाले पर्यटकों को कुछ अच्छा लगे। वेबसाइट पर सभी ऑनलाइन व्यवस्था करने के साथ ही इससे तीर्थ पुरोहितों, नाविकों और आम नागरिकों को जोड़ना है। इसके लिए इस पर तीर्थ पुरोहितों का विवरण उनके जिले के साथ अपलोड किया जा रहा है क्योंकि यहां पर तीर्थ पुरोहितों के क्षेत्र बंटे होते हैं। ऐसी दशा में लोग ऑनलाइन ही अपने क्षेत्र के तीर्थ पुरोहित को जान सकेंगे। उनका मोबाइल नंबर अपलोड होगा तो बात हो जाएगी। साथ ही उत्तमा, मध्यमा और निम्न पूजन की दक्षिणा का ब्योरा भी अपलोड होगा जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी। बद्रीनाथ, केदारनाथ और उज्जैन के महाकाल की आरती के तर्ज पर पास जारी किया जाएगा। मेलाधिकारी ने बताया कि वहां भी अपने प्रदेशों के प्राधिकरण काम कर रहे हैं, चीजें व्यवस्थित हैं तो यहां पर क्यों नहीं होनी चाहिए। इसलिए यहां भी काम किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


