जलवायु परिवर्तन को लेकर दोषारोपण नहीं निराकरण जरूरी : सीएम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जलवायु परिवर्तन पर चिंता व्यक्त की और इसके समाधान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि महाकुम्भ के दौरान गंगा-यमुना का अविरल बहना महत्वपूर्ण है। मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने...
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जलवायु परिवर्तन को लेकर दोषारोपण करने के बजाए इसके निराकरण पर विचार करना होगा। त्रिवेणी तट पर हम सब चिंतन के सहभागी बनने आए हैं। जलवायु की चिंता को चिंतन में बदलना स्वागत योग्य है। 10 साल पहले गंगा-यमुना अविरल नहीं बहती थीं, लेकिन महाकुम्भ में देखिए 13 जनवरी से 16 फरवरी तक यानी 33 दिनों में 52 करोड़ श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। नीतियां तय करने से 10 से 11 हजार क्यूसेक पानी निरंतर प्रवाहित होने से गंगा का अविरल जल स्नान योग्य बना हुआ है। श्रद्धालुओं में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार हो रहा है। महाकुम्भ में स्नान करके जो श्रद्धालु अपने गांव-घर पहुंचे हैं वे लोग यहां की भव्यता और दिव्यता की चर्चा करते हैं, जिससे लोगों में महाकुम्भ में आने की जिज्ञासा बढ़ जाती है।
मुख्यमंत्री रविवार को महाकुम्भ मेले के सेक्टर 25 में प्रदेश सरकार के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग व गैर सरकारी संगठन आई फारेस्ट की ओर से आयोजित कुम्भ की आस्था और जलवायु परिवर्तन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने महाकुम्भ के जरिए जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने का संदेश देते हुए कहा कि कार्बन उत्सर्जन का कारण भी जलवायु परिवर्तन है। जलवायु परिवर्तन के ही कारण धरती माता की धमनियों के रूप में जिन नदियों को अविरल बहना चाहिए था वह सूखती जा रही हैं। अनुमान कीजिए, अगर शरीर की रक्त धमनियां सूख गईं तो शरीर की स्थिति क्या होगी। अगर धरती माता की धमनियां सूख गईं या प्रदूषित हो गई तो जिन धमनियों से रक्त का प्रवाह होना चाहिए उसकी क्या स्थिति होगी।
प्रकृति और पर्यावरण का सम्मान करना सीखें : सक्सेना
प्रदेश के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में नदी, पेड़ का बहुत महत्व है। हमें प्रकृति और पर्यावरण का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिना भोजन के 13 दिन, पानी के बिना तीन दिन और हवा के बिना तीन मिनट जीवित नहीं रह सकते। परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि ने कहा कि जलवायु सुधार कार्य सांस्कृतिक व भावनात्मक रूप से आम जनता से जुड़ना चाहिए। ग्लोबल वार्मिंग का प्रभाव विश्व स्तर पर पड़ रहा है।
स्वागत संबोधन में आई फारेस्ट के अध्यक्ष व सीईओ डॉ़ चंद्रशेखर ने कहा कि 1857 से 2023 तक देश का तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। प्रकृति से हमारा रिश्ता टूट रहा है। इस मौके पर स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, ग्रेमी अवार्ड विजेता रिकी केज ने विचार व्यक्त किए। संचालन अर्चना सतीश ने किया।


