
एलटी ग्रेड परीक्षा में यूपी के दो केंद्रों पर पकड़े गए नकलची
Prayagraj News - उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन विज्ञान और संस्कृत की परीक्षा हुई। पहले सत्र में 102953 पंजीकृत में से 48.13% और दूसरे सत्र में 40402 में से 65.03% उपस्थिति रही। कानपुर और प्रयागराज में नकल के दो मामले सामने आए हैं।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की ओर से आयोजित राजकीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को विज्ञान एवं संस्कृत विषय की परीक्षा हुई। आयोग के परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, प्रथम पाली के लिए 102953 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे। इसमें से 48.13 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं, द्वितीय पाली के लिए 40402 पंजीकृत रहे। इसमें 65.03 फीसदी उपस्थिति रही। यानी दोनों पालियों में औसतन 56.58 फीसदी उपस्थित रही। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार कानपुर नगर और प्रयागराज में नकल और फर्जीवाड़े के दो मामले सामने आए हैं।

दोनों ही मामलों में संबंधित अभ्यर्थिनियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कानपुर नगर के खालसा गर्ल्स इंटर कॉलेज (केंद्र कोड 41/033) में प्रथम सत्र में विज्ञान विषय की परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी रितु श्रीवास्तव (अनुक्रमांक 0440757), निवासी अम्बाह, मुरैना (मध्य प्रदेश), को प्रतिबंधित मोबाइल फोन का दुरुपयोग करते हुए पकड़ा गया। उसे हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई। वहीं, प्रयागराज के ईश्वर शरण इंटर कॉलेज (केंद्र कोड 03/238) में द्वितीय सत्र में संस्कृत विषय की परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी रसना सिंह (अनुक्रमांक 0860956) की ओर से प्रस्तुत आईडी कार्ड संदिग्ध पाया गया। जांच के बाद उसके विरुद्ध भी सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




