उत्तर प्रदेश की संस्कृति में माघ और कुम्भ का पूछा महत्व
Prayagraj News - उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा का समापन बुधवार को हुआ। परीक्षा के अंतिम दिन सामान्य अध्ययन के प्रश्नपत्रों में धार्मिक, सांस्कृतिक और तकनीकी विषयों पर प्रश्न पूछे गए। छात्रों से माघ मेला, कुम्भ मेला, 1857 के विद्रोह, और राज्य में तकनीकी नवाचार के योगदान पर विस्तार से चर्चा करने को कहा गया।

प्रयागराज, मुख्य संवाददाता। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस-2025 मुख्य परीक्षा का समापन बुधवार को हो गया। चार दिन तक चली परीक्षा के अंतिम दिन सामान्य अध्ययन के पांचवें व छठवें प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। पांचवें प्रश्नपत्र में उत्तर प्रदेश के धार्मिक विषयों से जुड़े कई प्रश्न पूछे गए थे। एक सवाल था ‘उत्तर प्रदेश की संस्कृति में माघ मेला और कुम्भ मेला के महत्व को स्पष्ट कीजिए तथा इसकी प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डालिए।’ ‘प्राचीन मथुरा जैन पुरातात्विक स्रोतों की गर्भस्थली थी।’ इस कथन को ब्रज क्षेत्र के जैन पुरातात्विक स्थलों के आधार पर स्पष्ट करने और प्राचीन साहित्य के आधार पर 'अयोध्या' के सांस्कृतिक महत्व का वर्णन करने को कहा था।एक
अन्य प्रश्न था ‘उत्तर प्रदेश में मेरठ, लखनऊ, कानपुर और झांसी शहरों ने 1857 के विद्रोह में कैसे योगदान दिया और इस महत्वपूर्ण अवधि के दौरान राज्य में कौन-सी प्रमुख घटनाएं हुईं?’, उत्तर प्रदेश के सांस्कृतिक जीवन में बिरहा और कज़री लोक गायनों की महत्व और उत्तर प्रदेश के लोगों के दैनिक जीवन में साहित्य एवं संगीत के सांस्कृतिक महत्व को स्पष्ट करने को कहा था। आगरा की इंडो-इस्लामिक वास्तुकला में भारतीय, फारसी और इस्लामी शैलियों का मिश्रण है। इस पर टिप्पणी करनी थी। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के क्षेत्राधिकार तथा संवैधानिक मूल्यों को कायम रखने में उसकी भूमिका की विवेचना करने और उत्तर प्रदेश की शिक्षा में आर्य समाज के योगदान की संक्षिप्त विवेचना करने को कहा था।छठवें प्रश्नपत्र में तकनीक आधारित सवाल भी थे। जैसे एक सवाल था कि उत्तर प्रदेश में विज्ञान तकनीकी नवाचार में डीएसटी, फिस्ट एवं साथी की अनुसंधान सुविधाओं की भूमिका के योगदान को व्याख्या करें। उत्तर प्रदेश का डिजिटल रूप से सशक्त समाज में बदलने और एक प्रमुख निवेश गंतव्य बनाने के समग्र दृष्टिकोण पर प्रकाश डालें और उत्तर प्रदेश ‘बीमारू’ राज्य से एक विनिर्माण और सूचना प्रौद्योगिकी पावर हाऊस के रूप में विकसित हो रहा हैं। इस कथन के समर्थन में राज्य में विकास और प्रगति के प्रमुख क्षेत्रों पर प्रकाश डालना था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


