पीसीएस साक्षात्कार : अकबर, अशोक, अलेक्जेंडर को महान क्यों कहा गया?
Prayagraj News - उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में पीसीएस-2024 साक्षात्कार का 11वां दिन रहा। कुछ अभ्यर्थियों ने जटिल प्रश्नों का सामना किया, जैसे अकबर और अशोक की महानता और एकलौती बच्ची की शिक्षा की आवश्यकता। इसके अलावा, प्रशासनिक स्थिति और खेल से जुड़े सवाल भी पूछे गए।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में शनिवार को पीसीएस-2024 साक्षात्कार का 11वां दिन रहा। कुछ अभ्यर्थियों को इंटरव्यू बोर्ड के सवाल काफी जटिल लगे, जबकि कुछ अभ्यर्थियों ने अपने पूर्व अनुभव के आधार पर साक्षात्कार को सहज बताया। बोर्ड ने विषयगत ज्ञान के साथ-साथ प्रशासनिक समझ, समसामयिक घटनाओं और व्यक्तिगत दृष्टिकोण से जुड़े प्रश्न पूछे। बोर्ड ने एक महिला अभ्यर्थी से पूछा कि अकबर, अशोक और अलेक्जेंडर को महान क्यों कहा जाता है और उनकी कौन-सी विशेषताओं ने उन्हें विशिष्ट बनाया। इसके साथ ही ताशकंद समझौता क्या था और उसमें क्या निर्णय लिए गए। सामाजिक विषयों पर पूछे गए प्रश्नों में एकलौती बच्ची की शिक्षा की आवश्यकता, उसके सामाजिक व आर्थिक महत्व और उसे पूर्ण कराने की रणनीति पर विचार जानने की कोशिश की।
वहीं प्रशासनिक स्थिति को परखने के लिए पूछा गया कि यदि वह एसडीएम पद पर हों और क्षेत्र में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा हो, तो उसे कैसे हटवाएंगी और संबंधित लोगों के प्रति उनका व्यवहार कैसा रहेगा। एक पुरुष अभ्यर्थी से पूछा गया कि देश में अब तक का सबसे बड़ा आतंकी हमला कब हुआ था और कहां हुआ था। इसके अतिरिक्त सामुदायिक कृषि और सामाजिक कृषि की परिभाषा तथा दोनों के बीच अंतर स्पष्ट करने को कहा गया। अभ्यर्थी की शौक-रुचि के आधार पर वॉलीबाल खेल से जुड़े प्रश्न भी पूछे गए, जैसे खेल की शुरुआत कब हुई, गेंद का मानक वजन कितना होता है और पिच की लंबाई कितनी होती है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


