ट्रेनों में जगह नहीं, स्लीपर बस का किराया पांच हजार रुपये तक
Prayagraj News - लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें फुल होने के कारण निजी स्लीपर बसों का किराया बढ़ गया है। प्रयागराज से दिल्ली जाने वाली बसों का किराया 1200-1500 रुपये से बढ़कर 2900 रुपये तक पहुंच गया है। यात्रियों की भारी मांग के कारण यह वृद्धि हुई है, जिससे टैक्सी किराया भी 20 हजार रुपये तक पहुंच गया है।

लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें फुल होने के बाद अब निजी स्लीपर बस संचालकों ने भी किराया बढ़ा दिया है। नई दिल्ली जाने वाली बसों का किराया अचानक बढ़ने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। शनिवार शाम तक एसी बसों में भी बमुश्किल दो-चार सीटें ही बुकिंग के लिए बची थीं। हैरानी की बात यह है कि सामान्य दिनों में प्रयागराज से दिल्ली का एसी बस किराया जहां 1200 से 1500 रुपये के बीच रहता था, वहीं अब यह बढ़कर करीब 2900 रुपये तक पहुंच गया है। इसी तरह स्लीपर सीट का किराया साढ़े चार हजार से पांच हजार रुपये तक वसूला जा रहा है।
एक बस संचालक ने बताया कि यात्रियों की भारी मांग के कारण किराया बढ़ाना पड़ा है। बस मालिक रोहित के मुताबिक, प्रयागराज से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की भीड़ अधिक है, जबकि दिल्ली से प्रयागराज लौटते समय बसें लगभग खाली आ रही हैं। इससे होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए किराया बढ़ाया गया है। इसी वजह से दिल्ली रूट पर टैक्सी की बुकिंग का किराया भी 20 हजार रुपये तक पहुंच गया है। शनिवार को दिल्ली और मुंबई रूट की अधिकांश ट्रेनों में इसी तरह की भीड़ देखने को मिली। प्रयागराज जंक्शन पर प्रयागराज एक्सप्रेस और लालगढ़ जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को आरपीएफ ने कतारबद्ध कराकर कोचों में चढ़ाया। रविवार को और अधिक भीड़ की संभावना को देखते हुए रेलवे अतिरिक्त सुरक्षा और व्यवस्था की तैयारी कर रहा है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


