पार्षद के बड़े भाई ने फांसी लगाकर दी जान
Prayagraj News - फाफामऊ में पार्षद सुरेंद्र यादव के भाई अंजीत यादव ने फांसी लगाकर जान दे दी। उनका शव बंद क्रशर प्लांट में पाया गया। परिवार ने बताया कि अंजीत घर से टहलने निकले थे। पुलिस ने जांच की लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फाफामऊ, हिन्दुस्तान संवाद। शांतिपुरम वार्ड के पार्षद सुरेंद्र यादव के बड़े भाई अंजीत यादव ने फांसी लगाकर जान दे दी। अंजीत का घर से थोड़ी दूर स्थित बंद क्रशर प्लांट में रविवार सुबह फंदे से लटका शव मिला। मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। फाफामऊ पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव पोस्टमॉर्टम को भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना रहा। पार्षद सुरेंद्र यादव के चार भाइयों में दूसरे नंबर के 40 वर्षीय अंजीत यादव खेतीबाड़ी कर पत्नी, दो बेटों व एक बेटी का परिवार चलाते थे। परिजनों के अनुसार, अंजीत शनिवार शाम घर से टहलने निकले थे लेकिन, देर रात तक उनके नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की।
रविवार सुबह करीब सात बजे घर से थोड़ी दूर स्थित बंद क्रशर प्लांट के ऑफिस में फांसी के फंदे से लटका अंजीत का शव मिलने से खलबली मच गई। सुबह मजदूर जब बंद प्लांट के अंदर गए, तो घटना की जानकारी हुई। घटनास्थल पर परिजन भी रोते बिलखते पहुंच गए। आसपास के लोगों ने पहले हत्या की आशंका जाहिर की, लेकिन पुलिस की तफ्तीश में इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया। थाना प्रभारी अश्वनी सिंह ने बताया कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मृतक के परिजन भी आत्महत्या की वजह नहीं बता सके हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


