सड़क हादसों में हाईस्कूल छात्र समेत दो की मौत
Prayagraj News - प्रयागराज में अलग-अलग सड़क हादसों में हाईस्कूल का छात्र शिवम और विक्रम चालक नंदलाल पाल की मौत हो गई। शिवम को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया, जबकि नंदलाल का विक्रम पलट गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों घटनाओं ने परिवारों में मातम का माहौल बना दिया है।
प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। शहर के अलग-अलग इलाकों में हुए सड़क हादसों में हाईस्कूल के छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई। छात्र शिवम सड़क किनारे खड़े होकर दोस्त का इंतजार कर रहा था, इसी बीच तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। उधर, परेड क्षेत्र में अनियंत्रित होकर विक्रम पलटने से चालक नंदलाल पाल की मौत हो गई। एयरपोर्ट थानाक्षेत्र के अकबरपुर निवासी राजेश सिंह पटेल का छोटा बेटा 16 वर्षीय शिवम हाईस्कूल का छात्र था। शिवम रविवार देर शाम अपने दोस्त से मिलने बाइक से निकला था। वह प्रयागराज-कौशाम्बी मार्ग पर गुलाब गेस्ट हाउस के समीप सड़क किनारे बाइक खड़ी कर अपने दोस्त का इंतजार करने लगा।
इसी बीच तेज रफ्तार कार शिवम को कुचलते हुए फरार हो गई। आनन-फानन में शिवम को एसआरएन अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिवम की मौत से पिता राजेश सिंह, मां पुष्पा देवी, भाई संजय और बहन तनु का रो-रोकर बुरा हाल बना रहा। थाना प्रभारी विनय सिंह ने बताया कि मृत छात्र के पिता की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नंबर के आधार पर कार चालक की धूमनगंज के व्यक्ति की पहचान की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। उधर, नैनी के गंगोत्री नगर निवासी 46 वर्षीय नंदलाल पाल विक्रम चलाते थे। परेड क्षेत्र में तिनकोनिया मोड़ के पास रविवार देर शाम लगभग साढ़े सात बजे विक्रम अनियंत्रित होकर पलट गया। कीडगंज पुलिस ने नंदलाल को एसआरएन अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नंदलाल की मौत से पत्नी, दो बेटे व दो बेटियों का बुरा हाल रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




