माघ मेला के शिविर में लगी आग, मुजफ्फरनगर के डीएम के भतीजे की मौत

Jan 16, 2026 08:05 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, प्रयागराज
share Share
Follow Us on

Prayagraj News - माघ मेला में गुरुवार की रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेक्टर नंबर पांच स्थित अन्नपूर्णा मार्ग पर पुराने रेलवे ब्रिज के नीचे शिविर में अचानक आग लग गई। इ

माघ मेला के शिविर में लगी आग, मुजफ्फरनगर के डीएम के भतीजे की मौत

माघ मेला में गुरुवार की रात दर्दनाक हादसा हुआ। सेक्टर नंबर पांच स्थित अन्नपूर्णा मार्ग पर पुराने रेलवे ब्रिज के नीचे शिविर में अचानक आग लग गई। झुलसने से मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी के भतीजे 22 वर्षीय मानस मिश्र की मौत हो गई। पिता के निधन के बाद मानस ही अपने घर का इकलौता कमाऊ सदस्य था। घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे की है, जब शिव धर्मार्थ कल्याण संस्थान के शिविर में अचानक लपटें उठने लगीं। ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने जब टेंट से धुआं निकलता देखा तो शोर मचाया और स्थानीय लोगों की मदद से शिविर का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।

फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक टेंट में सो रहे मानस मिश्र गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तत्काल एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। लीलापुर कला निवासी मानस मिश्र झूंसी के एक प्राइवेट संस्थान में नौकरी करते थे। पिता के निधन के बाद मां केतकी और छोटे भाई अमन की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। परिजनों ने बताया कि मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्र के रिश्ते में मानस भतीजा था। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो पूरे गांव में मातम पसर गया। मानस के शव से लिपटकर मां और भाई का रो-रोकर बेहाल थे। एसपी मेला नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि आग से झुलसने से युवक की मौत हुई है। घटना की वजह की जांच कराई जा रही है। टेंट में रात्रि विश्राम करना बना काल परिजनों ने बताया कि जिलाधिकारी उमेश मिश्र के छोटे भाई अधिवक्ता योगेश मिश्र का माघ मेला में शिविर लगा है। मानस झूंसी में प्राइवेट फर्म में नौकरी करता था। वह गुरुवार की रात घर लौटने की बजाए शिविर में ही सोने चला गया था। लेकिन रात्रि विश्राम करना मानस के लिए काल बन गया। गहरी नींद में उसे आग लगने का आभास नहीं हुआ। जब तक पता चला तब तक लपटें विकराल हो गई थीं, वह गंभीर रूप से झुलस गया था। सुबह होते-होते हट मलबा करा दिया साफ माघ मेला में लगातार तीन दिन से आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। तीनों घटनाओं में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात कही जा रही है, जबकि मेला प्रशासन दीपक की लौ से आग लगने की बात कह रहा है। इधर, गुरुवार की रात जिस टेंट में आग लगी, उसे शुक्रवार की सुबह होते-होते साफ कर दिया गया। मेला प्रशासन ने आनन-फानन में मलबा तक हटवा दिया।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।